
श्योपुर। जिले विजयपुर थाना क्षेत्र में बदमाशों ने मवेशी चराने गए 3 चरवाहों का अपहरण कर लिया। चरवाहों के बदले में 4-4 लाख रुपए की फिरौती मांगी है। अपहरण की सूचना के बाद विजयपुर सहित आसपास के 4 थानों की पुलिस बदमाशों की सर्चिंग के लिए जंगल में उतर गई है। तीनों चरवाहों का अपहरण धनकर गांव के पास जंगल से हुआ है। बताया जा रहा कि 8 बदमाशों ने हथियारों की नोक पर अपहरण किया है।
घटना की सूचना मिलने के बाद एडीजी चंबल राजेश चावला और एसपी आलोक कुमार सिंह विजयपुर पहुंच गए हैं। उन्होंने पुलिस अफसरों से सर्चिंग अभियान की जानकारी लेकर ग्रामीणों से चर्चा की।
7 में से 4 को छोड़ा, तीन को साथ ले गए
जानकारी के मुताबिक, गंजनपुरा गांव निवासी गुड्डा बघेल, भत्तू बघेल और भूरापुरा गांव का रामसरूप यादव अपने अन्य साथी पप्पू बघेल, सियाराम बघेल, फेरन यादव और रतिराम के साथ रविवार को जंगल में मवेशी चराने के लिए गए थे। इसी दौरान उन्हें जंगल में 8 हथियारबंद बदमाश मिल गए। बदमाशों पहले 7 चरवाहों को बंधक बनाकर जंगल में पैदल ले गए। इसके बाद उन्होंने सभी के साथ मारपीट और पूछताछ की। इसके बाद बदमाशों ने पप्पू बघेल, सियाराम बघेल, फेरन यादव और रति राम को छोड़ दिया। बाकी तीन चरवाहों को बदमाश अपने साथ लेकर गए।
बदमाशों के चंगुल से छूटे चरवाहे ने बताई पूरी घटना
छोड़े गए ग्रामीणों से बदमाशों ने कहा कि बाकी के तीन तभी छूटेंगे जब उन्हें चार-चार लाख रुपए मिल जाएंगे। बदमाशों के चंगुल से छुटकर आए चारों चरवाहे ने पूरी घटना ग्रामीणों और विजयपुर थाने में पुलिस को बताई। जब इस बात की सूचना एसपी व एडीजी को मिली तो भी वे मौके पर पहुंच गए। साथ ही पुलिस बल को भी जंगल में बदमाशों की सर्चिंग में उतार दिया है। हालांकि अभी तक पुलिस टीम को सफलता नहीं मिली है। हालांकि एसपी का कहना है कि जल्द ही अपह्तों का पता लगा लेंगे और बदमाश पकड़ लिए जाएंगे।
ये भी पढ़ें: भिंड में ट्रिपल मर्डर : दो पक्षों के विवाद में चली गोली, फायरिंग में 3 लोगों की मौत; गांव में तनाव का माहौल