इंदौरताजा खबरमध्य प्रदेश

इंदौर : 25 लाख के लिए महिला के साथ मारपीट, फार्मा कंपनी में काम करने वाले आरोपी पति पर FIR दर्ज

हेमंत नागले, इंदौर। इंदौर के महिला थाने में एक पीड़िता ने अपने पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है कि, शादी के कई वर्षों बाद पति और ससुराल वालों ने 25 लाख रुपए और कार मांगी है। पति पहले अहमदाबाद की एक फार्मा कंपनी में काम करता था, जिसके बाद वह इंदौर के पास पीथमपुर में नौकरी के लिए आ गया। पीड़िता द्वारा पति और सास-ससुर पर आरोप लगा है कि शादी के बाद ससुराल वाले उसे परेशान कर रहे थे।

ससुराल पक्ष के खिलाफ मामला दर्ज

वहीं, महिला के साथ पति द्वारा गंभीर मारपीट की गई। जिसके चोट के निशान महिला के चेहरे पर दिखाई दे रहे थे। पीड़िता की शिकायत के बाद ससुराल पक्ष के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है।

क्या है मामला ?

थाना प्रभारी ज्योति शर्मा ने बताया कि फरवरी 2018 में पीड़िता की शादी शिवपुरी के रहने वाले अंकुर पिता बृजमोहन शर्मा से हुई थी। दोनों ही परिवार द्वारा रजामंदी के बाद शादी की गई थी। विवाह के समय में कुल 50 लाख रुपए खर्चा भी किया गया था, शादी के बाद ससुराल वालों ने 15 दिन तक पीड़िता को अच्छा रखा। इसके बाद वह उसे परेशान करने लगे। शादी के बाद पीड़िता को वर्तमान में 4 वर्ष का एक बालक भी है। आरोपी पति अंकुर की कुछ समय पहले अहमदाबाद के एक फार्मा कंपनी में नौकरी लग गई थी, जिसके बाद दोनों अहमदाबाद चले गए थे।

कुछ समय बाद अंकुर शर्मा की नौकरी इंदौर के पास धार के पीथमपुर में लगी, जिसके बाद पीड़िता अंकुर के साथ इंदौर आकर रहने लगी। इंदौर में ससुराल पक्ष द्वारा लगातार उसे परेशान करके मारपीट की जा रही थी। जिसके बाद पीड़िता की शिकायत पर अंकुर शर्मा, शशि शर्मा, बृजमोहन, अंकित और भावना पुरोहित के खिलाफ पुलिस ने दहेज प्रताड़ना सहित मारपीट का मामला भी दर्ज किया है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।

संबंधित खबरें...

Back to top button