खेलताजा खबरबैडमिंटन

चिराग-सात्विक ने रचा इतिहास : वर्ल्ड चैंपियन को हराकर इंडोनेशिया ओपन का खिताब जीता, सुपर 1000 टूर्नामेंट जीतने वाली पहली भारतीय जोड़ी बनी

स्पोर्ट्स डेस्क। सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की भारतीय पुरुष युगल जोड़ी ने रविवार को इंडोनेशिया ओपन सुपर 1000 बैडमिंटन टूर्नामेंट का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया है। विश्व रैंकिंग में छठे स्थान पर काबिज भारतीय जोड़ी ने फाइनल में मलेशिया के आरोन चिया और वूई यिक सोह की जोड़ी को 21-17, 21-18 से हराकर सुपर 1000 स्तर की प्रतियोगिता को अपने नाम करने वाली पहली भारतीय जोड़ी बनी।

देश नहीं भूल पाएगा वो 43 मिनट

बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों की विजेता और एशियाई चैम्पियन भारतीय जोड़ी को इस कड़े मुकाबले को जीतने में 43 मिनट का समय लगा। सात्विक ने मैच के बाद कहा- हमने इस स्पर्धा के लिए काफी अच्छी तैयारी की थी। हम जानते थे कि दर्शक हमारा समर्थन करेंगे। उन्होंने पूरे सप्ताह हमारा साथ दिया। यह हमारे लिए अद्भुत सप्ताह रहा है। हमने आज कमाल का बैडमिंटन खेला। उनके खिलाफ आपसी मुकाबलों में हमारा रिकॉर्ड अच्छा नहीं था, इसलिए हम एक समय में एक अंक जीतने पर ध्यान दे रहे थे।

दोनों जोड़ियों में कांटे की टक्कर!

दोनों जोड़ियों के बीच यह 11वां मुकाबला था और भारतीय जोड़ी की यह पहली जीत है। मैच के शुरुआती गेम में दोनों जोड़ियों के बीच बराबरी का मुकाबला हुआ। सात्विक और चिराग ने गेम में 11-9 की बढ़त लेने के बाद पीछे मुड़कर नहीं देखा और 21-17 से पहला गेम जीता। भारतीय जोड़ी ने दूसरे गेम में चिया और सोह की जोड़ी को आसानी से अंक जुटाने का मौका नहीं दिया। एक समय स्कोर 6-6 की बराबरी पर था, लेकिन भारतीय जोड़ी ने इसके बाद शानदार खेल दिखाते हुए 18-11 की बढ़त हासिल की। मलेशिया की जोड़ी ने हार नहीं मानी और इस 9 अंक के अंतर को कम कर दो अंक (18-20) का कर दिया। चिराग और सात्विक ने इसके बाद मैच प्वाइंट भुनाकर इस जोड़ी के खिलाफ पहली जीत दर्ज की। सात्विक और चिराग इस खिताब को जीतने वाली पहली भारतीय जोड़ी है।

बता दें कि यह इंडोनेशिया ओपन के डबल्स इवेंट में भारत का पहला खिताब भी है। सात्विक और चिराग इससे पहले सुपर 100, सुपर 300, सुपर 500 और सुपर 750 का भी खिताब जीत चुके हैं। सभी सुपर खिताब जीतने वाले यह भारत की पहली जोड़ी भी है। पुरुष सिंगल्स में किदांबी श्रीकांत ने 2017 में खिताब को अपने नाम किया था।

किस आधार पर तय होते हैं खिताब

बैडमिंटन वर्ल्ड फेडरेशन (BWF) वर्ल्ड टूर को छह स्तरों में विभाजित किया गया है। वर्ल्ड टूर फाइनल, चार सुपर 1000, छह सुपर 750, सात सुपर 500 और 11 सुपर 300। टूर्नामेंट की एक और श्रेणी, BWF टूर सुपर 100 स्तर, रैंकिंग अंक भी प्रदान करता है। इनमें से प्रत्येक टूर्नामेंट अलग-अलग रैंकिंग अंक और पुरस्कार राशि प्रदान करता है। सुपर 1000 स्तर पर सबसे ज्यादा अंक और पुरस्कार पूल की पेशकश की जाती है।

ये भी पढ़ें- Indonesia Open : चिराग-सात्विक सुपर-1000 के फाइनल में पहुंचने वाले पहले भारतीय, मेंस सिंगल में एचएस प्रणय हारे

संबंधित खबरें...

Back to top button