भोपालमध्य प्रदेश

भाजपा की विकास यात्रा को कांग्रेस ने बताया- ‘विनाश यात्रा’, कहा- कमलनाथ के 15 माह के कार्यकाल पर बहस के लिए तैयार

भोपाल। प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष केके मिश्रा ने भाजपा द्वारा 5 फरवरी 2023 से शुरू होने जा रही विकास यात्रा को लेकर विरोध जताया है। उन्होंने शिवराज सिंह के चौहान के 18 वर्षों के कार्यकाल को ‘विनाश काल’ करार दिया। मिश्रा ने कहा कि प्रदेश की जनता को मूर्ख बनाने वाली इस यात्रा के पहले मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान को जनता को कार्यकाल का हिसाब देना चाहिए।

केके मिश्रा ने कहा कि यह यात्रा प्रदेश में व्याप्त भ्रष्टाचार, जंगलराज, माफियाराज, ध्वस्त कानून-व्यवस्था, मजदूरों, किसानों और बेरोजगारों के साथ हुई सरकारी क्रूरता को भुलाने का एक अक्षम्य राजनैतिक प्रयास है। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के 18 वर्षों के कार्यकाल और 15 महीने के कमलनाथ सरकार के कार्यकाल को लेकर जहां भी चाहें हम खुली बहस के लिए तैयार हैं।

आर्थिक अपराध ब्यूरो में करेंगे शिकायत

केके मिश्रा ने कहा कि सत्ता और संगठन के नेतृत्व ने एक लंबे समय तक ‘विकास की अर्थी’ निकालते हुए प्रदेश को विनाशराज में तब्दील कर दिया है। अब जनता के पैसों का दुरुपयोग कर अपनी खोखली राजनैतिक ताकत प्रदर्शित करने वाली इस यात्रा को आर्थिक भ्रष्टाचार ही कहा जाएगा, क्योंकि प्रदेश आर्थिक कंगाली के मुहाने पर खड़ा है। साढ़े 3 लाख करोड़ का कर्ज प्रदेश का विकास नहीं, भाजपा के मंत्रियों और नेताओं के निजी विकास की गौरव गाथा लिख चुका है। भाजपा सरकार के खर्च पर होने वाली इस यात्रा की शिकायत कांग्रेस पार्टी आर्थिक अपराध अनुसंधान ब्यूरो में करेगी।

यात्रा का खर्च सरकारी पैसे से क्यों

कांग्रेस ने कहा कि कालाधन वापस लाने की दुहाई देकर कई राज्यों में सरकार बनाने वाली भाजपा भोपाल में अपने पार्टी मुख्यालय को जमींदोज कर कालेधन से 150 करोड़ रुपए की लागत से 10 मंजिला भव्य, सुसज्जित मुख्यालय बनवा रही है। वहां हेलिकॉप्टर लैंडिंग की भी सुविधा होगी। ऐसे में इस यात्रा का खर्च सरकारी कोष से क्यों किया जा रहा है?

विकास यात्रा के आयोजकों से सवाल

  • मप्र का विकास सूचकांक बीमारू राज्यों की श्रेणी में और भी अधिक नीचे कैसे गिरा?
  • मप्र आर्थिक पैमाने पर बुरी तरह फिसड्डी साबित क्यों हुआ, सरकार की ऊंची विकास दर, प्रदेश में निवेश और बड़े पैमाने पर रोजगार दिए जाने की घोषणाएं झूठी साबित क्यों हो रही हैं?
  • स्टेट रैंकिंग 2023 में 17 बड़े राज्यों में मध्यप्रदेश 13 नंबर पर क्यों?
  • मध्यप्रदेश की आर्थिक स्थिति बुरी तरह चौपट, 17 राज्यों में 16 नंबर पर क्यों?
  • वित्तीय समावेशन फाइनेंशियल इन्क्लूजन में मप्र 17 राज्यों में 15 वें नंबर पर क्यों?
  • सामाजिक क्षेत्र में मध्य प्रदेश 17 राज्यों में 14 में नंबर पर क्यों?
  • बुनियादी ढांचा क्षेत्र में मध्यप्रदेश 17 राज्यों में 13 नंबर पर क्यों?
  • पर्यावरण के मामले में मध्य प्रदेश 17 राज्यों में नौवें नंबर पर क्यों?
  • मप्र का अलीराजपुर देश का सबसे गरीब जिला क्यों?

संबंधित खबरें...

Back to top button