राष्ट्रीय

वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री ऑस्कर फर्नांडिस का दिल का दौरा पड़ने से निधन

नई दिल्ली। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री ऑस्कर फर्नांडिस (80) का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया है। कर्नाटक के मंगलुरु में उन्होंने अंतिम सांस ली। अस्पताल की ओर से इसकी पुष्टी कर दी गई है। ऑस्कर फर्नांडिस केंद्र में यूपीए सरकार के दौरान परिवहन, सड़क और राजमार्ग और श्रम एवं रोजगार मंत्री रह चुके हैं। इसके अलावा वह यूपीए 1 के दौरान श्रम एवं रोजगार राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) भी रह चुके हैं। फिलहाल वह कर्नाटक से राज्यसभा के सांसद थे।

लंबे वक्त से चल रहे थे बीमार

फर्नांडिस लंबे वक्त से बीमार चल रहे थे और कुछ हफ्तों से उन्हें मंगलुरु के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। फर्नांडीस 18 जुलाई को योगा करते समय गिरकर घायल हो गए थे। तब से उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी। कुछ दिन पहले उनके परिवार के सदस्यों ने बताया था कि उनकी येनपोया अस्पताल में मस्तिष्क की सर्जरी हुई थी। हालांकि ऑपरेशन के बाद वह वेंटिलेटर से बाहर आ गए थे।

योग करते समय बिगड़ा था संतुलन

परिवार के मुताबिक 80 साल के ऑस्कर फर्नांडिस का 18 जुलाई (रविवार) की सुबह योग करते हुए समय संतुलन बिगड़ गया था, जिस वजह से वो गिर गए थे। हालांकि उस समय उन्होंने अपनी चोट को गंभीरता से नहीं लिया। बाद में जब वह अपने नियमित डायलिसिस के लिए सोमवार को अस्पताल गए तो उन्होंने डॉक्टरों को हादसे के बारे में बताया। हादसे के बारे में पता चलने के बाद डॉक्टरों ने उनकी जांच करवाई जिसमें पता चला कि उनके मस्तिष्क के भीतरी हिस्से में चोट आई है। जिसके बाद उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया था।

कर्नाटक के उडुप्पी में हुआ था जन्म

ऑस्कर फर्नांडिस साल 1980 में कर्नाटक की उडप्पी लोकसभा सीट से सांसद चुने गए थे, उसके बाद 1996 तक यहां से लगातार जीतते आए। साल 1998 में कांग्रेस ने उन्हें राज्यसभा भेज दिया था, तब से वह बतौर राज्यसभा सांसद ही संसद के सदस्य बने हुए थे। ऑस्कर फर्नांडिस का जन्म 27 मार्च 1941 को कर्नाटक के उडुप्पी में ही हुआ था। वह परिवार के 12 बच्चों में से एक थे।

 

संबंधित खबरें...

Back to top button