ताजा खबरराष्ट्रीय

Monsoon Update : भारी बारिश… भूस्खलन और बादल फटने से तबाही, 7 राज्यों में 56 की मौत; कई राज्यों में टूटा रिकॉर्ड

नई दिल्ली। देशभर के कई राज्यों में हो रही भारी बारिश के चलते बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। पिछले 24 घंटे में सात राज्यों में लैंडस्लाइड और बाढ़ की अलग-अलग घटनाओं में 56 मौतें हुई हैं। सबसे ज्यादा मौतें यूपी में हुईं। वहीं कई जगहों पर बारिश का रिकॉर्ड भी टूट गया है। इसके अलावा ट्रेनें रद्द करने के साथ ही कई ट्रेनों का रूट डायवर्ट भी किया गया है। मौसम विभाग ने अलग-अलग राज्यों में अलर्ट जारी कर दिया है।

पिछले 24 घंटों में 56 मौतेंं

राज्य मौतें
हिमाचल 7
उत्तराखंड 6
जम्मू-कश्मीर 4
पंजाब 3
यूपी 34
राजस्थान 1
दिल्ली 1
कुल 56

उत्तराखंड के 13 जिलों में ऑरेंज अलर्ट

उत्तराखंड के 13 जिलों में बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। उत्तरकाशी, हरिद्वार, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, नैनीताल में बारिश की संभावना जताई गई है। रुद्रप्रयाग और चमोली में अलकनंदा, मंदाकिनी खतरे के निशान के ऊपर है। 7 जिलों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं। SDRF-NDRF की 34 कंपनियां तैनात हैं।

हिमाचल में बारिश ने तोड़ा रिकॉर्ड

मनाली में बारिश का 52 साल का रिकॉर्ड टूटा है। वहीं सोलन में 9 साल में सबसे ज्यादा बारिश दर्ज की गई। हिमाचल में कई नदी-नहरें खतरे के निशान से ऊपर हैं। 2 जगह बादल फटा है।

शिमला मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पॉल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के सोलन में रविवार को 135 मिमी बारिश हुई, जिससे 1971 में एक दिन में 105 मिमी बारिश का 50 साल पुराना रिकॉर्ड टूट गया। वहीं जबकि ऊना में 1993 के बाद सबसे अधिक बारिश हुई।

हिमाचल प्रदेश आपातकालीन ऑपरेशन सेंटर के अनुसार, पिछले 36 घंटों में चौदह बड़े भूस्खलन और 13 अचानक बाढ़ की सूचना मिली है, जबकि 700 से अधिक सड़कें बंद कर दी गई हैं। हिमाचल प्रदेश सरकार ने राज्य से संबद्ध सभी स्कूलों और कॉलेजों को दो दिनों – सोमवार और मंगलवार के लिए बंद कर दिया है।

पंजाब और हरियाणा में भी बारिश का कहर

पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों में भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव और बाढ़ आ गईहै। पंजाब सरकार ने मंत्रियों, उपायुक्तों, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों और अन्य संबंधित अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने और लोगों को आवश्यक सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया है। पंजाब के लुधियाना में भारी बारिश के चलते सोमवार को स्कूल बंद है।

दिल्ली एनसीआर में स्कूल बंद

सामान्य जनजीवन ठप होने के कारण दिल्ली और इसके आसपास के एनसीआर शहरों गुरुग्राम और नोएडा में स्कूल सोमवार को बंद रहेंगे। दिल्ली में भारी बारिश के बाद यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने के साथ ही खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है।

हरियाणा में हथिनीकुंड बराज से यमुना नदी में एक लाख क्यूसेक से अधिक पानी छोड़े जाने से जल स्तर बढ़ा है। साथ ही यमुना नदी में पानी का बहाव काफी तेज है, आने वाले एक से दो दिनों में यमुना खतरे के निशान से ऊपर होगी। दिल्ली में भारी बारिश को देखते हुए सीएम केजरीवाल ने बैठक बुलाई है। वहीं दिल्ली हाईकोर्ट में कोर्ट रूम में पानी लीकेज के चलते उन्हें शिफ्ट किया गया।

ये भी पढ़ें- हिमाचल प्रदेश में मौसम का कहर बरकरार : मंडी में 40 साल पुराना पुल बहा, भारी बारिश-भूस्खलन से 5 की मौत; सड़कें और बिजली ट्रांसफॉर्मर बंद, देखें VIDEO

संबंधित खबरें...

Back to top button