राष्ट्रीय

Ranchi Violence Update: रांची में हिंसा के दौरान जख्मी दो लोगों की मौत, झारखंड सीएम ने जनता से की ये अपील

पैगंबर मोहम्मद विवाद को लेकर देशभर के कई शहरों में शुक्रवार को हिंसक प्रदर्शन हुए। रांची में भी शुक्रवार को नमाज के बाद हिंसक प्रदर्शन हुआ। उपद्रव के दौरान गोली लगने से जख्मी दो लोगों की शनिवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं कई घायल लोगों का इलाज अभी चल रहा है। बताया गया है कि दोनों प्रदर्शनकारी हैं, जिनकी गोली लगने से मौत हुई।

पत्थरबाजी में रांची SSP हुए घायल

प्रदर्शन के दौरान लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में लाठीचार्ज और हवाई फायरिंग की। जिसमें दो प्रदर्शनकारियों की मौत हो गई। उपद्रवियों द्वारा पुलिस पर किए गए पथराव में SSP समेत 3 पुलिसकर्मियों को चोटें आई हैं। महावीर मंदिर पर पत्थरबाजी के दौरान जान बचाने के लिए लोग मंदिर में छिप गए। इसके बाद भी मंदिर पर पत्थरबाजी की गई।

नूपुर शर्मा का पुतला भी जलाया गया

मालूम हो कि नूपुर शर्मा ने पैगंबर मोहम्मद को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। जिसके बाद शुक्रवार को लोग सड़कों पर उतर आए थे। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने मेन रोड इलाके में जुलूस निकालकर नूपुर शर्मा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की थी। इस दौरान उन्होंने नूपुर का पुतला भी जलाया। इसके बाद देखते ही देखते प्रदर्शन हिंसक हो गया।

बिहार के मंत्री पर हमला

बिहार के मंत्री नितिन नवीन पर भी उपद्रवियों ने हमला कर दिया, उनकी गाड़ी में तोड़फोड़ की गई। जिसके बाद पुलिस उपद्रवियों से बचाकर उन्हें सुरक्षित जगह ले गई। बता दें कि नवीन भाजपा के कोटे से नीतीश सरकार में मंत्री हैं।

ये भी पढ़ें- Prophet Muhammad Row : दिल्ली में जुमे की नमाज के बाद जामा मस्जिद के बाहर विरोध-प्रदर्शन, नूपुर शर्मा के खिलाफ कार्रवाई की मांग

रांची शहर में लगा कर्फ्यू

प्रशासन ने पथराव और आगजनी की घटना के बाद पूरे रांची शहर में कर्फ्यू लगा दिया है। कर्फ्यू के बाद लोगों ने हिंसा वाली जगहों पर कुछ लोगों ने हनुमान चालीसा का पाठ किया। फिलहाल मौके पर भारी पुलिस फोर्स तैनात किया गया है।

ये भी पढ़ें- Curfew in Ranchi : नूपुर शर्मा के बयान के खिलाफ रांची में हिंसा, पथराव के बाद पुलिस ने लगाया कर्फ्यू

झारखंड सीएम ने जनता से की अपील

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने लोगों से अपील की है कि ऐसी किसी भी गतिविधि में भाग लेने से परहेज करें। उन्होंने कहा, मुझे अचानक इस चिंताजनक (विरोध) घटना के बारे में जानकारी मिली। झारखंड की जनता हमेशा से बहुत संवेदनशील और सहनशील रही है, घबराने की जरूरत नहीं है। मैं सभी से अपील करता हूं कि ऐसी किसी भी गतिविधि में भाग लेने से परहेज करें जिससे इस तरह के और अपराध हों।

संबंधित खबरें...

Back to top button