राष्ट्रीय

भारत जोड़ो यात्रा: राहुल गांधी ने लाल चौक पर फहराया तिरंगा, विजयी विश्व तिरंगा प्यारा… से गूंजा श्रीनगर

श्रीनगर, जम्मू-कश्मीर। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुकी है। रविवार को राहुल गांधी ने श्रीनगर के लाल चौक पर तिरंगा फहराया। उनके साथ बहन प्रियंका गांधी भी मौजूद रहीं। इस दौरान विजयी विश्व तिरंगा प्यारा से श्रीनगर गूंज उठा। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए। पूरे इलाके को बैरिकेड्स लगाकर सील कर दिया गया। आसपास की सभी दुकानें बंद करवा दी गईं।

इस देश में सिर्फ मोहब्बत और भाईचारा चलेगा: सुरजेवाला

लाल चौक पर ध्वजारोहण कार्यक्रम के बाद रणदीप सुरजेवाला ने कहा, “लाल चौक से भारत का तिंरगा फहराकर हमने ये दिखाया है कि न तो नफरत चलेगी, न बंटवारा और न ही विभाजन। इस देश में प्रेम मोहब्बत और भाईचारा चलेगा… मोदी सरकार को बेरोजगारी और महंगाई पर जवाबदेह होना पड़ेगा। आज देश में नफरत और विभाजन का माहौल है। आज हम देश को फिर से जोड़ने का ऐलान कर रहे हैं।”

भाजपा सरकार ने कश्मीरी पंडितों का इस्तेमाल किया

राहुल गांधी ने रविवार को भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत से पहले ट्वीट कर सरकार को घेरा और पीएम मोदी से सवाल किए। राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा है कि, आज कश्मीरी पंडित बीजेपी की सरकार से पूछ रहे हैं- हमारा राजनीतिक इस्तेमाल करने के अलावा आपने हमारे लिए किया ही क्या है? जवाब है प्रधानमंत्रीजी?

7 सितंबर से शुरू हुई यात्रा… 30 जनवरी को समापन

3750 किमी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ 7 सितंबर को कन्याकुमारी से शुरू हुई थी और 30 जनवरी को श्रीनगर में यात्रा का समापन होगा। 125 दिन में यात्रा ने तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश को कवर किया। भारत जोड़ो यात्रा 19 जनवरी 2023 को जम्मू-कश्मीर पहुंची, यहां वे 9 दिन रहेंगे। इस यात्रा में राहुल गांधी बेरोजगारी और महंगाई के मुद्दे पर केंद्र सरकार पर निशाना साधते रहे हैं।

सोमवार को राहुल गांधी श्रीनगर में एमए रोड स्थित कांग्रेस मुख्यालय में तिरंगा फहराएंगे, जिसके बाद एसके स्टेडियम में एक जनसभा आयोजित की जाएगी। इसमें  विपक्षी राजनीतिक दलों को आमंत्रित किया गया है। इसके बाद यात्रा का समापन होगा। भारत जोड़ो यात्रा के समापन को कांग्रेस विपक्षी एकता की ताकत दिखाना चाहती है, जिसके लिए समान विचारधारा वाले  दलों के नेताओं को न्योता भेजा है।

यात्रा के समापन का मतलब यह नहीं कि काम खत्म हो गया

एआईसीसी मीडिया विभाग के प्रभारी पवन खेड़ा ने कहा, “30 जनवरी को भारत जोड़ो यात्रा के समापन का मतलब यह नहीं है कि काम खत्म हो गया है। यात्रा का पहला चरण खत्म हो जाएगा, लेकिन उसके बाद भी यात्रा का मकसद जारी रहेगा।”

हाथ से हाथ जोड़ो अभियान

कांग्रेस का हाथ से हाथ जोड़ो अभियान 26 जनवरी से शुरू हो गया है। यह अभियान 26 मार्च को खत्म होगा। इसके तहत भारत जोड़ो का संदेशा हर बूथ और ब्लॉक में पहुंचाया जाएगा। इसमें गांव-गांव में घर-घर संपर्क किया जाएगा। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि, भारत जोड़ो यात्रा चुनावी यात्रा नहीं विचारधारा आधारित यात्रा है। पदयात्रा में इस भारत जोड़ो यात्रा के उद्देश्य के बारे में जानकारी देने के साथ केंद्र व राज्य सरकार की असफलताएं बताई जाएगी।

जानकारी के मुताबिक, तीन महीने के इस चुनावी अभियान में कांग्रेस 10 लाख मतदान केंद्रों तक पहुंचेगी और 2.5 लाख ग्राम पंचायतें, 6 लाख गांवों और हर राज्य में जाएगी।

ये भी पढे़ं- भारत जोड़ो यात्रा के बाद कांग्रेस का आज से ‘हाथ से हाथ जोड़ो’ अभियान, घर-घर पहुंचेगी राहुल की चिट्ठी

अन्य राष्ट्रीय खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button