अंतर्राष्ट्रीय

सोमालिया में आतंकी हमला, 8 लोगों की मौत; आतंकियों ने हयात होटल के अंदर घुसकर की फायरिंग

सोमालिया की राजधानी मोगादिशु में शुक्रवार देर रात आतंकी हमला हो गया। आतंकियों ने हयात होटल में घुसकर फायरिंग कर दी। जिसमें 8 लोगों की मौत हो गई। जिसमें होटल का मालिक भी शामिल है। जबकि, 9 लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अल-कायदा से जुड़े अल-शबाब समूह ने हमले की जिम्मेदारी ली है।

2 कार बमों के साथ किया हमला

आतंकवादी समूह अल-शबाब ने मोगादिशु में एक होटल पर कब्जा कर लिया। हमले के बारे में एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि दो कार बमों ने होटल हयात को निशाना बनाया। एक कार बम होटल के पास एक बैरियर से टकराया और दूसरा होटल के गेट से टकराया। हमारा मानना ​​है कि आतंकी होटल के अंदर मौजूद हैं। दो खुफिया अधिकारियों ने नाम ना छापने की शर्त पर भी घटना की पुष्टि की है।

सुरक्षाबलों और बंदूकधारियों के बीच गोलीबारी जारी

सुरक्षा अधिकारी अब्दुकादिर हसन ने कहा कि सुरक्षाबलों और बंदूकधारियों के बीच भीषण गोलीबारी चल रही है। आतंकी अभी भी इमारत के अंदर छिपे हुए है। हसन ने बताया कि हमारे पास अब तक ब्योरा नहीं है, लेकिन हताहत हुए हैं। सुरक्षाबल अब आतंकियों से लड़ रहे हैं जो इमारत के अंदर छिपे हुए हैं।

क्या है अल-शबाब

  • अल-शबाब एक आतंकी संगठन है। इसका मकसद 2017 में बनी सोमालिया सरकार को जड़ से उखाड़ना है।
  • अल-शबाब का जन्म 2006 में हुआ। ये सऊदी अरब के वहाबी इस्लाम को मानता है।
  • मोगादिशू शहर यूनियन ऑफ इस्लामिक कोर्ट्स के कब्जे में था, जो कि शरिया अदालतों का एक संगठन था। इसका मुखिया शरीफ शेख अहमद था। 2006 में इथियोपिया की सेना ने इस संगठन को हरा दिया और अल-शबाब का जन्म हुआ। अल-शबाब यूनियन ऑफ इस्लामिक कोर्ट्स की ही एक कट्टरपंथी शाखा है।

अल-शबाब के बड़े हमले

  • 2017 में मोगादिशू शहर में ब्लास्ट हुआ था। इस हमले में 275 लोगों की मौत हो गई थी।
  • अल-शबाब आतंकियों ने 2016 में केन्या के सैन्य शिविर पर हमला किया था। इसमें 180 सैनिकों की मौत हो गई थी।
  • 2015 में केन्या की यूनिवर्सिटी पर आतंकी हमला हुआ था। इस दौरान 148 छात्र मारे गए थे।

संबंधित खबरें...

Back to top button