ताजा खबरभोपालमध्य प्रदेश

राहुल गांधी पर CM शिवराज का करारा हमला, कहा- कांग्रेस देश की समस्‍या और कांग्रेस की समस्‍या राहुल

भोपाल। राहुल गांधी की संसद सदस्‍यता रद्द होने पर पर देशभर में सियासत गरमाई हुई है। इसी बीच शनिवार को प्रदेश के मुख्‍यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राहुल गांधी पर करारा हमला बोला है। सीएम ने कहा कि असल बात यह है कि आज कांग्रेस देश के लिए समस्या है और कांग्रेस की समस्या राहुल गांधी हैं।

सीएम ने पूछा- क्या पिछड़े वर्ग में पैदा होना पाप है?

राजधानी की स्मार्ट सिटी में मीडिया से चर्चा के दौरान सीएम शिवराज ने कहा, मित्रों, आज कांग्रेस के लोग मुंह पर ताला लगाकर बैठे हैं। राहुल गांधी जी आपने अपने मुंह पर ताला तब क्यों नहीं लगाया जब आप अपने मुंह से मोदी जी, मोदी जाति के बारे में अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल कर रहे थे। जिस ढंग से आपने जाति का अपमान किया, ओबीसी का अपमान किया। ओबीसी के अपमान का हक किसने दिया? क्या पिछड़े वर्ग में पैदा होना पाप है? क्या केवल पिछड़े वर्ग के होने के कारण किसी का भी अपमान किया जाएगा।

संसद का अपमान किया : सीएम

राहुल गांधी से सवाल करते हुए सीएम ने कहा, आप अपने आप को राजा – महाराजा से कम नहीं समझते हैं। यह ताला आपके मुंह पर उस समय लगना था, जब आपने न्यायपालिका का अपमान किया। आप क्या-क्या बोलते हैं। आश्चर्य होता है। आपने कहा, दुर्भाग्य से मैं सांसद हूं। आपने संसद का अपमान किया। आपने संसद सदस्य रहते हुए, संसद में कुछ कहकर जिस ढंग से आंख मारी थी, वह पूरे हिंदुस्तान ने देखी थी। क्या यह सासंद की गरिमा है…? पूरे देश ने देखा है।

ताला लगाने की नौटंकी कर रहे हो : सीएम

सीएम ने कहा, आप विवादित बयान पहले भी देते रहे हैं। आपने पंजाब के युवाओं का, यूपी के युवाओं का आप ने मजाक उड़ाया है। मंदिर में जाने वालों को छेड़खानी करने वाला बताया है। सर्जिकल स्ट्राइक पर आप ने सवाल उठाए, सेना पर भी आप ने सवाल उठाए। जब आपके प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह जी हुआ करते थे एक ऑर्डिनेंस किस ढंग से फाड़कर उनका अपमान किया था।

यह ताला उस वक्त राहुल जी आपके और कांग्रेसियों के मुंह पर क्यों नहीं लगा? आज ताला लगाने की नौटंकी कर रहे हो। सही बात यह है, कांग्रेस आज देश के लिए समस्या है और कांग्रेस की समस्या है राहुल गांधी।

सीएम ने जनता की ओर से किया किया अमित शाह का स्वागत

सीएम शिवराज ने जानकारी देते हुए बताया कि आज मध्यप्रदेश का सौभाग्य है कि केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह जी मध्य प्रदेश की धरती पर छिंदवाड़ा पधार रहे हैं। मैं उनका प्रदेश की साढ़े आठ करोड़ जनता की ओर से हृदय से स्वागत करता हूं।

क्या है मामला ?

प्रधानमंत्री मोदी के सरनेम पर कमेंट करने के मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी को सूरत की कोर्ट ने दोषी ठहराया है। कोर्ट ने उन्हें दो साल की कैद की सजा सुनाई है। गुरुवार को यह फैसला आया, जिसके बाद शुक्रवार को लोकसभा से उनकी सदस्यता रद्द करने का नोटिफिकेशन जारी हो गया।

मध्य प्रदेश की खबरों के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button