
ग्वालियर के महाराजपुरा थाना क्षेत्र के एयरफोर्स स्टेशन पर पदस्थ एक जवान ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पंजाब के रहने वाले जवान की ड्यूटी एयरपोर्ट के वॉच टावर पर चल रही थी। जवान के खुद को गोली मारने के कारणों का अभी तक पता नहीं चला है। महाराजपुरा पुलिस व एयरफोर्स मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेजा है।
वॉच टावर की सीढ़ियों पर मिला जवान का शव
महाराजपुरा पुलिस के मुताबिक, एयरफोर्स स्टेशन पर पदस्थ कपूरथला पंजाब के रहने वाले जसमुंदा सिंह (54) पुत्र बंटा सिंह की ड्यूटी वॉच टावर पर लगाई गई थी। वह रात में वॉच टावर पर ही था। सोमवार सुबह उसका वॉच टावर की सीढ़ियों पर उनका शव मिला। सीने पर गोली लगी थी और पास में ही राइफल भी पड़ी थी, जिससे लग रहा था कि जसमुंदा सिंह ने खुद को ही गोली मारी है।
एयरफोर्स से नहीं आया आधिकारिक बयान
घटना की सूचना मिलते ही एयरफोर्स के कर्मचारी व अफसर मौके पर पहुंचे। पुलिस को भी सूचना दी गई। महाराजपुरा पुलिस ने एयरफोर्स जवान द्वारा खुद को गोली मारने के कारणों की पड़ताल शुरू कर दी है। इस मामले में अभी तक एयरफोर्स के अफसरों ने भी आधिकारिक रूप से कुछ नहीं कहा है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
जवान ने इंसास राइफल से मारी गोली
जानकारी के मुताबिक, एयरफोर्स स्टेशन की सुरक्षा के लिए वॉच टावर बनाए गए हैं। वॉच टावरों पर 24 घंटे एयरफोर्स के सशस्त्र जवान तैनात रहते हैं। इस तरह रविवार रात को भी एक वॉच टावर पर जसमुंदा सिंह की ड्यूटी लगाई गई थी। जवान ने इंसास राइफल से अपने सीने पर गोली मार ली।
ये भी पढ़ें: Shivpuri News : युवक ने फेसबुक LIVE पर पिया जहर, पत्नी और ससुराल वालों पर दहेज के केस में फंसाने का लगाया आरोप