
साकिब खान, भोपाल। भोपाल सिटी लिंक लिमिटेड (BCCL) नए साल में ईदगाह हिल्स, खानूगांव सहित कई इलाकों में रेड बस चलाने की तैयारी में है। इससे यहां रहने वाली लाखों की आबादी को फायदा मिलेगा। जनवरी अंत तक 30 नई CNG बसें आने की उम्मीद है। यह बसें 12 रूटों पर चलाई जाएंगी। अभी बीसीएलएल 22 से अधिक रूटों पर 360 बसों का संचालन कर रहा है।
Peoplesupdate.com के सहयोगी संस्थान पीपुल्स समाचार ने 13 सितंबर 2022 को ईदगाह हिल्स और खानू गांव के लोगों की परिवहन सुविधा की परेशानियों पर प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी। इसके बाद BCCL ने इन इलाकों में रेड बसें चलाने का फैसला लिया है।
लाखों की आबादी होती है परेशाान
ईदगाह हिल्स इलाके में कैंसर एवं टीबी अस्पताल हैं। इसके अलावा यहां बाजपेयी नगर इलाके में बड़ी संख्या में श्रमिक रहते हैं। बसें नहीं चलने से मरीज, उनके परिजन और अन्य लोगों को काफी परेशानी होती है। उन्हें आने-जाने के लिए ऑटो की सेवा लेनी पड़ती है, लेकिन यह बस की अपेक्षा काफी महंगी पड़ती है। जो कि काफी महंगा पड़ता है। खानू गांव के लोग भी ऑटो या अपने पर्सनल व्हीकल पर निर्भर हैं।
खिजलीखेड़ा से तूमड़ा तक नहीं शुरू हुई बस
खिजलीखेड़ा से तूमड़ा तक एसआर-1 बस सुविधा करीब एक साल से बंद है। इसके चलते संत हिरदाराम नगर से कोलार जाने वाले 15 हजार से अधिक यात्रियों को बस बदलकर आना-जाना पड़ता है। जब यह बस चलती थी, तो मैनिट चौराहे से लेकर चूनाभट्टी तक के यात्रियों को सीधी बस मिल जाती थी।
इन नए रूटों पर चलेंगी CNG बसें
- खानू गांव से सेमरा।
- ईदगाह हिल्स से एलएनसीटी।
- बावड़िया से नारियल खेड़ा।
- नीलबड़ से बर्रई।
- संत नगर से सैम कॉलेज।
- खजूरी सड़क से बैरागढ़ चिचली।
- सुमित्रा परिसर कोलार से देवमाता अस्पताल।
- चिरायु अस्पताल से सागर लाइफ स्टाइल टॉवर।
- न्यू करारिया (कोच फैक्ट्री) से बगरोदा।
- रीगल टाउनशिप से लांमाखेड़ा बाइपास चौराहा।
- करोंद चौराहे से रुचि लाइफ स्केप्स।
- ट्रांसपोर्ट नगर से चिरायु।
रूट्स का फॉर्मूलेशन किया जा रहा है। बसें उपल्बध होते ही पब्लिक डिमांड के अनुसार नए मार्गों पर इनका संचालन किया जाएगा।
-संजय सोनी, प्रवक्ता, BCCL