
मप्र के छिंदवाड़ा जिले में एक किसान दंपति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। ये मामला पांढुर्ना थाना अंतर्गत बड़चिचोली चौकी क्षेत्र के ग्राम सिवनी का है। जहां खेत पर किसान दंपति को ग्रामीणों ने फांसी पर झूलते हुए देखा। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
ग्रामीणों को फांसी पर लटके मिले शव
जानकारी के मुताबिक, किसान रामेश्वर डाले (60) व उनकी पत्नी रुसीकला डाले (55) गुरुवार को खेत पर गए थे और रात में वहीं रुके थे। शुक्रवार की सुबह ग्रामीणों ने दोनों के शव को फांसी पर लटका देखा था। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई थी। पांढुर्ना पुलिस ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि सिवनी ग्राम में एक खेत में बनी कोठरी में दंपति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। दोनों ने एक साथ आमने-सामने फांसी लगाई।
आत्महत्या के कारण का नहीं चला पता
इस मामले में पुलिस जानकारी जुटाने में लगी है कि किन कारणों से किसान दंपति ने फांसी लगाई है। फिलहाल, पुलिस को अब तक ऐसा कोई सुराग नहीं मिला है और ना ही किसी तरह के विवाद की जानकारी मिली है। पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई कर दंपति के शवों का पीएम कराया। वहीं जिला प्रशासन के सामने ये मामले के सामने आने के बाद अब जांच की जा रही है कि किन कारणों से किसान दंपति ने ये आत्मघाती कदम उठाया है।