मध्यप्रदेश का स्विट्जरलैंड कहे जाने वाले हनुवंतिया टापू पर आज से जल महोत्सव का शुभारंभ हो रहा है। सीएम शिवराज दोपहर 3 बजे हनुवंतिया टापू में जल महोत्सव के छठवें संस्करण का शुभारंभ करेंगे। मुख्यमंत्री यहां करीब 2 घंटे तक रुकेंगे, जिसके बाद शाम 5 बजे वो भोपाल के लिए रवाना होंगे। इस साल जल महोत्सव 20 जनवरी 2022 तक चलेगा। ‘’जल महोत्सव’’ में आने वाले पर्यटकों की सुविधा के लिए इंदौर से हनुवंतिया आने-जाने के लिए दो महीने तक हर दिन बसों का संचालन भी किया जायेगा।
मुख्यमंत्री श्री @ChouhanShivraj आज दोपहर 3 बजे खण्डवा जिले के हनुवंतिया में "जल महोत्सव" के छठवें संस्करण का शुभारंभ करेंगे। #JansamparkMP pic.twitter.com/BvLMJvfboT
— Jansampark MP (@JansamparkMP) November 20, 2021
जल महोत्सव के दौरान ये होंगे आकर्षण के केंद्र
जल महोत्सव के दौरान लग्जरी रीगल सीरीज बोट, 40 फीट हाई रोप स्विंग और जिप साइकिल आकर्षण का केंद्र रहेंगे। पर्यटक एडवेंचर से संबंधित सभी गतिविधियों जैसे पैरामोटरिंग, स्पीड बोट, जेट स्काई, पैरासेलिंग, मोटर बोट राइडिंग, हॉट एयर बैलूनिंग, क्रूज बोटिंग, आइलैंड कैम्पिंग, साइकिलिंग, स्टार गेजिंग, बर्ड वॉचिंग आदि का भी आनंद ले सकेंगे।
जल महोत्सव को ए़डवेंचर के साथ ही स्थानीय कला, शिल्प, लोक संगीत, नृत्य और व्यंजनों के माध्यम से प्रदेश के जन-जीवन, संस्कृति, रीति-रिवाजों और समृद्ध परंपराओं के अनुभव के लिए आदर्श मंच बनाने की कोशिश की जा रही है। जल महोत्सव में साहसिक खेलों को ध्यान में रखते हुए उत्साहवर्धक गतिविधियों के आयोजनों का भी निर्णय लिया गया है।
104 लग्जरी स्विस टेंट्स, 1 नवंबर से है संचालित
इंदिरा सागर बांध में स्थित हनुवंतिया टापू में पर्यटकों के लिए टेंट सिटी का संचालन 1 नवंबर 2021 से किया जा रहा है। जिसमें 104 लग्जरी स्विस टेंट्स के साथ कॉर्पोरेट सम्मेलनों के लिए एसी हॉल की भी सुविधा होगी।
महोत्सव के दौरान कोरोना महामारी को ध्यान में रखते हुए पर्यटकों को मास्क लगाना अनिवार्य होगा, पर्यटकों को मास्क और सेनिटाइजर्स भी उपलब्ध कराये जायेंगे। टेंट सिटी में विभिन्न स्थानों पर भी सेनीटाइजर स्टेंड लगाये जायेंगे।
नेशनल टूरिज्म अवार्ड से सम्मानित हो चुका हनुवंतिया टापू
हनुवंतिया टापू का जल महोत्सव नेशनल टूरिज्म अवार्ड से भी सम्मानित हो चुका है और हर बीतते साल के साथ इसकी लोकप्रियता में भी उछाल आ रहा है। हनुवंतिया टापू इंदिरा सागर बांध के तट पर स्थित अद्भुत और अविश्वसनीय पर्यटन स्थल है। जल महोत्सव आयोजित करने का उद्देश्य राज्य को देश के पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करना है।