
महाकालेश्वर मंदिर में होने वाली बाबा महाकाल की आरतियों के समय में बदलाव किया जाएगा। होली पर्व से प्रतिदिन होने वाली सभी आरतियों के साथ अभिषेक करने का क्रम भी शुरू होगा। जिसमें बाबा महाकाल को ठंडे पानी से स्नान कराने का क्रम शुरू होगा। वही इस साल महाकाल मंदिर में होलिका दहन भी धूमधाम से मनाया जाएगा।
ये भी पढ़ें: बड़ा हादसा टला : जबलपुर एयरपोर्ट पर एयर इंडिया की फ्लाइट रनवे से फिसली, सभी यात्री सुरक्षित
17 मार्च को होगा होलिका दहन
महाकाल मंदिर के पुजारियों के अनुसार, हर साल 2 बार बाबा की आरतियों के समय में परिवर्तन किया जाता है। यह बदलाव परंपरा अनुसार चैत्र कृष्ण प्रतिपदा, 17 मार्च को होलिका दहन के दिन किया जाएगा। पुजारी आशीष गुरू के अनुसार, बाबा की आरतियों के समय में आधा घंटे का बदलाव होता है और दिनचर्या में परिवर्तन हो जाता है। संध्याकालीन पूजा शाम 5 बजे से ही होगी। आरतियों का यह क्रम अश्विन पूर्णिमा तक चलेगा।
अश्विन पूर्णिमा तक ठंडे पानी से स्नान करेंगे बाबा
पुजारियों ने बताया कि बाबा महाकाल कार्तिक कृष्ण पक्ष चतुर्दशी, रूप चौदस के दिन से गर्म जल से स्नान करना शुरू करते हैं। होली के दिन तक ये क्रम जारी रहता है। होली चैत्र कृष्ण प्रतिपदा से अश्विन पूर्णिमा तक रोजाना भगवान महाकाल को ठंडे जल से स्नान कराया जाता है।
फूलों की होली खेलेंगे पुजारी और पुरोहित
महाकालेश्वर मंदिर में सबसे पहले होलिका दहन मनाने की परंपरा है। होलिका दहन की पूर्व संध्या पर संध्या आरती के बाद पुजारी, बाबा महाकाल और श्रद्धालुओं के साथ होली मनाएंगे। इसमें जमकर गुलाल उड़ाया जाएगा। 17 मार्च को होलिका दहन होगा। इसी दिन महाकाल मंदिर के पुजारी और पुरोहित मिलन समारोह कर फूलों की होली खेलेंगे। अगले दिन 18 मार्च को धुलेंडी का पर्व मनाया जाएगा।
बाबा की आरतियों का समय
- प्रथम भस्म आरती – प्रात: 4 से 6 बजे तक
- द्वितीय दद्योदक आरती – प्रात: 7 से 7:45 बजे तक
- तृतीय भोग आरती- प्रात: 10 से 10: 45 बजे तक
- चतुर्थ संध्याकालीन पूजन – सांय 5 से 5:45 बजे तक
- पंचम संध्या आरती – सांय 7 से 7:45 बजे तक
- शयन आरती – रात्रि 10:30 से 11:00 बजे तक