
भोपाल। वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी ने बुधवार को विकास यात्राओं को लेकर शिवराज सरकार को घेरा। उन्होंने कहा- सफलता वह होती है, जिसे सभी खुले मन से स्वीकार करें। खुद अपनी करना अपने मुंह मियां मिट्ठू होना कहलाता है। मध्यवप्रदेश की भाजपा सरकार अभी यही कर रही है।
अपनी सफलता बताने के लिए भाजपा सरकार के मंत्री, विधायक और नेता गांव-शहर में घूम रहे हैं। सवाल उठना चाहिए कि तथाकथित विकास को दिखाने के लिए यह यात्रा सरकारी खर्चें पर निकाली जा रही है। यानी, जनता की गाढ़ी कमाई से मिले टैक्सन को यूं ढिंढ़ोरा पीटने में खर्च किया जा रहा है।
भाजपा नेता खुद उठा रहे सवाल
पचौरी ने कहा- सरकार जोरशोर से झूठ बोल रही है। खुद भाजपा नेता सवाल उठा रहे हैं। कोई मंत्री दर्जा प्राप्त नेता भ्रष्टाचार की पोल खोल रहा है तो कोई मंत्री सवाल पूछ रही जनता से धमकी भरे अंदाज में बात कर रहा है। इन सबके बीच भाजपा सरकार अपनी पीठ थपथपा रही है। यदि भाजपा सरकार ने विकास किया है तो वह दिखना भी चाहिए। जनता को यह विकास का अनुभव करना चाहिए। लेकिन जनता तो शिकायत कर रही है कि बिजली नहीं है, पानी नहीं है, प्रधानमंत्री आवास योजना का पैसा नहीं आया, फसल बीमा नहीं मिला।
सरकार से पूछे सवाल
- किसान कर्ज माफी क्यों बंद की गई?
- सामाजिक सुरक्षा पेंशन 1 हजार रुपए क्यों नहीं की गई?
- 100 रुपए में 100 यूनिट बिजली योजना क्यों बंद की गई?
- क्या सीएम अब भी कहेंगे कि मध्यप्रदेश की सड़कें वाशिंगटन से बेहतर हैं?
किसका हो रहा विकास
पचौरी ने पूछा- सरकार विकास यात्रा निकाल रही है, लेकिन आखिर विकास हो किसका रहा है। यह यात्रा किसके लिए निकाली जा रही है? किसान कर्जदार और डिफॉल्टर हो गए हैं। नौजवान आत्महत्या करने को मजबूर हैं। डबल इंजन की सरकार केंद्रीय टैक्स के जरिये आम आदमी का खून चूस रही है तो मध्यप्रदेश सरकार राज्य के टैक्सों से जनता की गाढ़ी कमाई छीन रही है। परीक्षाओं के पेपर लीक हो रहे हैं। सरकारी नौकरियों में आउट सोर्स और संविदा की भर्ती की जा रही है।
पचौरी ने किया यात्राओं का जिक्र
- उमरिया में आदिवासी महिलाओं ने खाली डिब्बे लेकर विकास यात्रा का विरोध किया।
- सीधी जिले में विकास यात्रा को गांव में नहीं घुसने दिया।
- सीधी में विकास यात्रा के दौरान समस्याएं बताने वालों पर लाठीचार्ज हुआ।
- ब्यावरा में विकास यात्रा के समय लाइट नहीं थी। ग्रामीणों ने पूर्व मंत्री बद्री लाल यादव को भगा दिया।
- सिवनी जिले में विकास यात्रा में बच्चों से महात्मा गांधी के खिलाफ कविता पाठ करवाया गया।
- निवाड़ी में विकास यात्रा में भीड़ जुटाने के लिए अश्लील नृत्य करवाए गए।
- मध्यप्रदेश सरकार के कुछ मंत्री एवं विधायक विकास यात्रा में जनता को धमकाते हुए एवं गाली गलौज करते हुए दिखे।
कमलनाथ सरकार की उपलब्धियां बताईं
- प्रदेश के लगभग 27 लाख किसानों की कर्जमाफी की गई।
- किसानों के 5 हार्स पॉवर तक के बिजली बिल माफ किए। 10 हार्स पॉवर के बिजली बिल आधे किए गए।
- श्री महाकाल एवं ओंकारेश्विर परिसर के विकास एवं विस्तार के लिए 450 करोड़ रुपए का बजट पास किया।
- प्रदेश में राम वनगमन पथ के लिए बजट जारी किया गया।
- प्रदेश की जनता को 100 रुपए में 100 यूनिट बिजली दी गई।
- महिला उद्यमियों को स्वरोजगार हेतु रियायती दरों पर लोन दिया।
- वृद्धावस्था , विधवा एवं दिव्यांग पेंशन राशि दोगुनी की गई।