इंदौरताजा खबरमध्य प्रदेश

MP में फिर बरसे BJP चीफ नड्डा : बोले- कांग्रेस राज में भ्रष्टाचार था देश की पहचान, अब दुनिया की 5वीं बड़ी इकॉनोमी बना इंडिया

भोपाल। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा शुक्रवार (30 जून) को मध्य प्रदेश के खरगोन दौेरे पर रहे। यहां उन्होंने भाजपा की केंद्र सरकार के 9 साल पूरे होने पर नवग्रह मेला मैदान पर विशाल सभा को संबोधित किया। वहीं सीएम शिवराज ने जनसभा को संबोधित करते हुए खरगोन में मेडिकल कॉलेज खोले जाने की घोषणा की। साथ ही नवग्रह कॉरिडोर बनाने का भी ऐलान किया।

इससे पहले नड्डा ने खरगोन में सरदार वल्लभ भाई पटेल चौराहा से सभा स्थल तक रोड शो किया। इस दौरान सीएम शिवराज सिंह चौहान, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा आज भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय भी उनके साथ मौजूद रहे। बता दें कि इससे पहले 26 जून को बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भोपाल आए थे। वहीं पीएम मोदी 1 जुलाई को शहडोल आ रहे हैं।

जेपी नड्‌डा का संबोधन

  • भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि, मध्य प्रदेश में कमलनाथ की सरकार आई तो उन्होंने विकास की गंगा को अविरुद्ध किया। मोदी जी के नेतृत्व में केवल सरकार ही नहीं बदली उन्होंने कार्य करने की संस्कृति को भी बदल डाला। हमारी दोनों सरकारें यानी मोदी जी की और शिवराज जी की सरकारें ‘pro responsive’ सरकारें हैं… ये ‘pro active’ सरकार हैं।
  • 9 साल पहले भ्रष्टाचारी देशों में भारत का नाम आता था। 2G घोटाला, कोल घोटाला, हेलीकॉप्टर घोटाला, कॉमनवेल्थ गेम्स में घोटाला। कांग्रेस ने तीनों लोक में घोटाले किए। लेकिन अब 9 सालों के बाद हम ब्रिटेन को पछाड़ कर पांचवें नंबर की अर्थव्यवस्था बन गए हैं। आज ये विपक्ष और कांग्रेस के लोग- कोई मोदी जी को नीच कह रहा है, कोई अनपढ़ कह रहा है, कोई सांप कह रहा है, कोई बिच्छू कह रहा है, कोई चाय वाला कह रहा है।

  • ये भूल जाते हैं कि देश की 140 करोड़ जनता मोदी जी के साथ खड़ी है और मोदी जी को आगे बढ़ाने का काम कर रही है। मध्य प्रदेश में बीते 9 साल में हाइवे बनाने के लिए 27 हजार करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं। इंदौर और भोपाल में बन रही नई मेट्रो लाइंस के काम को भी आगे बढ़ाया जा रहा है। देवास में ग्रीनफील्ड हवाई अड्डा बनाए जाने का भी प्रस्ताव है।
  • हमारी सरकार ने 9 साल में 14 मेडिकल कॉलेज खोले हैं। डबल इंजन की सरकार विकास की दृष्टि से कितना काम कर रही है ये आप सभी जानते ही हैं। कमलनाथ ने जनहितैषी योजनाएं रोक दी थी अब आप नवंबर में कमलनाथ जी को रोक दीजिए…इन्हें घर पर बिठा दीजिए।
  • कमलनाथ की सरकार ने बच्चों के सिलेबस से करगिल का चैप्टर निकाल दिया था। इस तरह का काम कमलनाथ ने अपने कार्यकाल में किया था। ये हमारी सेना का अपमान है और अब नवंबर में आपको कमलनाथ का ही चैप्टर गायब कर देना है।

सीएम शिवराज के संबोधन की बड़ी बातें

  • सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, जब पिछले दिनों खरगोन आया था तो यहां की जनता ने मेडिकल कॉलेज की मांग की थी। आज खरगोन के लिए मेडिकल कॉलेज लाया हूं। कांग्रेस ने मेडिकल कॉलेज छीनकर खरगोन के साथ धोखा किया था, वो छीनते हैं और भाजपा वापस लाती है।
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज भारत ही नहीं पूरी दुनिया के अद्भुत नेता हैं। उनके नेतृत्व में केंद्र की भाजपा सरकार के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के सफलतम 9 साल पूरे हुए हैं। आज खरगोन से हम उनका अभिनंदन करते हैं।
  • नवग्रह कॉरिडोर के लिए 21 करोड़ की राशि स्वीकृत कर दी गई है। सिरवेल महादेव मंदिर का भी एक कायाकल्प किया जाएगा कपास पे मंडी टैक्स भी वापस लिया।

  • सीएम ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि, कमलनाथ ने कर्जमाफी का झूठा वादा करके किसानों को डिफाल्टर बना दिया। युवाओं से बेरोजगारी भत्ता देने का झूठा वादा किया। कन्यादान योजना की राशि न देकर बेटियों को धोखा दिया। गरीब, किसान, महिला और युवाओं को ठगने का पाप किया।
  • भाजपा जो कहती है वह करती है। हमने खरगोन को मेडिकल कॉलेज और चारों तरफ सड़कों का वरदान दिया है। कांग्रेस के शासनकाल में पता ही नहीं चलता था कि गड्ढों में सड़क है या सड़क में गड्ढे।
  • सीएम शिवराज ने कहा कि, कांग्रेस बेटियों के पैसे खा गई। शादी करवाई लेकिन 51 हजार नहीं दिए। कमलनाथ बेटियों की डिलीवरी के लड्डू भी खा गए। कांग्रेस झूठ बोलती है।
  • भाजपा ने 56 करोड़ रुपए किसानों की ब्याज माफी का वादा पूरा किया है। कांग्रेस ने गरीबों के साथ अन्याय किया। 4 जुलाई को मुख्यमंत्री सीखो और कमाओ योजना का शुभारंभ किया जाएगा। उससे हमारे बच्चे अलग-अलग फैक्ट्री में काम सीखने जाएंगे। उसके बदले बच्चों को 8 हजार रुपए दिए जाएंगे। ताकि वे काम भी सीखें और कमाए भीं।

वहीं बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत का मान-सम्मान दुनियाभर में बढ़ रहा है। वहीं राष्ट्रीय अध्यक्ष के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी आज दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बना है।

एयरपोर्ट पर सीएम शिवराज ने किया स्वागत

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा शुक्रवार (30 जून) सुबह इंदौर के देवी अहिल्या बाई होलकर एयरपोर्ट पहुंचे। यहां पर सीएम शिवराज सिंह चौहान और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने उनकी अगवानी की। वहीं खरगोन हैलीपेड पर भाजपा अध्यक्ष नड्डा का जिले के प्रभारी मंत्री कमल पटेल ने स्वागत किया। इस दौरान राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा भी मौजूद रहे।

PM मोदी का रोड शो हुआ था रद्द

बता दें कि मध्य प्रदेश में बीजेपी का यह पहला चुनावी रोड शो जेपी नड्डा करेंगे। इससे पहले 27 जून को राजधानी भोपाल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रोड शो होना था, लेकिन खराब मौसम के कारण रोड शो और शहडोल दौरे को स्थगित कर दिया गया था।

एक जुलाई को शहडोल आ रहे हैं PM

पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के दौरे के दूसरे दिन यानि 1 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मध्य प्रदेश दौरे पर आ रहे हैं। वे शहडोल जिले के लालपुर एवं पकरिया के कार्यक्रम में शामिल होंगे। बता दें कि भारी बारिश की वजह से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 27 जून को शहडोल दौरा स्थगित हो गया था। यहां वे सिकलसेल और एनीमिया को लेकर राष्ट्रीय स्तर पर अभियान की शुरूआत करेंगे। साथ ही आदिवासी समाज के लोगों के साथ संवाद भी करेंगे।

ये भी पढ़ें: MP News : 1 जुलाई को शहडोल आएंगे PM मोदी, नेताओं और कर्मचारियों का हुआ कोविड टेस्ट

मध्य प्रदेश की अन्य खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button