राष्ट्रीय

तीनों कृषि कानून वापस लेने पर कांग्रेस ने कहा- टूट गया अभिमान, जीत गया किसान, जानिए किसने क्या कहा…

पीएम नरेंद्र मोदी ने पिछले करीब एक साल से विवादों में घिरे तीन कृषि कानूनों को वापस लिए जाने की घोषणा कर दी है। इसके लिए संसद के आगामी सत्र में विधेयक लाया जाएगा। पीएम मोदी के इस एलान के बाद कांग्रेस-आप सहित तमाम विपक्षी दल इसे अपनी जीत बताने में जुट गए हैं। जानिए किसने क्या कहा है…

जीत गया मेरे देश का किसान: कांग्रेस

पीएम मोदी की ओर से कृषि कानूनों को वापस लेने के एलान के बाद कांग्रेस ने ट्वीट किया, ‘टूट गया अभिमान, जीत गया मेरे देश का किसान।’

जय हिंद, जय हिंद का किसान: राहुल गांधी

पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट किया। ‘देश के अन्नदाता ने सत्याग्रह से अहंकार का सर झुका दिया। अन्याय के खिलाफ ये जीत मुबारक हो! जय हिंद, जय हिंद का किसान!।’

मेरे देश के किसानों को मेरा नमन: केजरीवाल

आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा, ‘आज प्रकाश दिवस के दिन कितनी बड़ी खुशखबरी मिली। तीनों कानून रद्द। 700 से ज़्यादा किसान शहीद हो गए। उनकी शहादत अमर रहेगी। आने वाली पीढ़ियां याद रखेंगी कि किस तरह इस देश के किसानों ने अपनी जान की बाज़ी लगाकर किसानी और किसानों को बचाया था। मेरे देश के किसानों को मेरा नमन।

किसान मोर्चा के सत्याग्रह को सफलता मिली: नवजोत सिद्धू

पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिद्धू ने कहा कि कृषि कानूनों को वापस लेना ही सही दिशा में कदम है। किसान मोर्चा के सत्याग्रह को ऐतिहासिक सफलता मिली। आपके बलिदान ने लाभांश का भुगतान किया है…। पंजाब में एक रोड मैप के माध्यम से खेती को पुनर्जीवित करना पंजाब सरकार के लिए सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

किसानों के परिवारों से माफी मांगे पीएम मोदी: AAP

आम आदमी पार्टी ने ट्वीट किया, ‘किसान आंदोलन की बहुत बड़ी जीत। मोदी सरकार ने आगामी चुनावों में नुकसान के डर से तीन काले कृषि कानून को वापस ले लिया है। न्याय की लड़ाई में जान गंवाने वाले सभी किसानों के परिवारों से पीएम मोदी को माफी मांगनी चाहिए।

अन्नदाता पर एक साल तक अत्याचार हुआ: सांसद संजय

आम आदमी पार्टी से राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने ट्वीट किया, ‘ये मोदी के अन्याय पर किसान आंदोलन की जीत ढेरों बधाई। भारत के अन्नदाता किसानों पर एक साल तक घोर अत्याचार हुआ। सैंकड़ों किसानों की शहादत हुई। अन्नदाताओं को आतंकवादी कह कर अपमानित किया। इस पर मौन क्यों रहे मोदी जी? देश समझ रहा है चुनाव में हार के डर से तीनों काला कानून वापस हुआ।’

ये भी पढ़े: तीनों कृषि कानून वापस, पीएम मोदी ने कहा हम किसानों को समझा नहीं पाए

संबंधित खबरें...

Back to top button