इंदौरमध्य प्रदेश

महाकाल मंदिर में VIP दर्शन के लिए अब नहीं लगेगा शुल्क, श्रद्धालु सप्ताह में 4 दिन कर सकेंगे गर्भगृह के दर्शन

उज्जैन। ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर में हुई प्रबंध समिति की बैठक में सदस्यों ने महाशिवरात्रि से पहले कई निर्णय लिए। जिसमें VIP दर्शनार्थियों के लिए लागू किए गए 100 रुपए शुल्क को समाप्त कर दिया गया है। साथ ही वीआइपी प्रवेश के लिए कुछ शर्तें भी लागू की हैं। श्रद्धालुओं को सप्ताह में 4 दिन गर्भगृह में प्रवेश की अनुमति दे दी गई है। मंगलवार से शुक्रवार तक दोपहर 1 बजे से 4 बजे तक भक्तों को गर्भगृह में प्रवेश दिया जाएगा।

पुजारी-पुरोहितों की 1500 रुपए की रसीदों को बढ़ाया गया

मंगलवार को मेला कार्यालय में महाकाल मंदिर प्रबंध समिति की बैठक हुई। इसमें कई निर्णय लिए गए। गर्भगृह में प्रवेश के लिए पंडितों और पुरोहितों को एक दिन में मिलने वाली 1500 रुपए की 5 रसीदों को बढ़ाकर 10 कर दिया गया है। पुजारी-पुरोहितों की 1500 की जलाभिषेक की रसीद से एक दिन में प्रातः 6 से 9, दोपहर 12 से 1 व शाम को 6 से 8 बजे तक के निर्धारित समय में गर्भगृह में प्रवेश हो सकेगा। बैठक में प्रबंध समिति के अध्यक्ष कलेक्टर आशीष सिंह, एसपी सत्येंद्र शुक्ल सहित मंदिर समिति के सदस्य मौजूद रहे।

51 हजार दीपकों से जगमग होगा महाकाल मंदिर

महाशिवरात्रि पर्व में अब 15 दिन ही शेष बचे हैं। बैठक में महाशिवरात्रि पर दीपोत्सव में मंदिर समिति द्वारा विभिन्न तय जगहों पर 51 हजार दीपक प्रज्ज्वलित करने का निर्णय लिया गया। मंदिर में शयन आरती भक्त मण्डल के सहयोग से दीप प्रज्वलित किये जाएंगे। श्रद्धालुओं के लिए तीन कतार में दर्शन की व्यवस्था रहेगी।

प्रोटोकॉल शुल्क खत्म

महाकाल दर्शन के लिए वीआईपी दर्शनार्थियों के लिए लागू किए गए 100 रुपये शुल्क को समाप्त कर दिया है। अब प्रोटोकाल के तहत आने वाले सदस्यों को सीमित संख्या में प्रवेश दिया जाएगा। संख्या कितनी रहेगी, यह तय किया जाएगा। इससे पहले कोरोना के संक्रमण को देखते हुए गर्भ गृह में आम श्रद्धालुओं का प्रवेश बंद कर दिया गया था। इसके अलावा समिति ने कर्मचारियों की वेतन वृद्धि के प्रस्ताव को भी मंजूरी दे दी है।

मध्य प्रदेश की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...