
मनोरंजन जगत में इन दिनों शोक की लहर दौड़ गई है। एक के बाद एक दुखद खबर सामने आ रही है। मानों जैसे म्यूजिक इंडस्ट्री को किसी की बुरी नजर लग गई है। पहले पंजाबी सिंगर सिद्दू मूसेवाला, उसके बाद फेमस बॉलीवुड सिंगर केके का निधन और अब मशहूर संतूर वादक पद्मश्री पंडित भजन सोपोरी का निधन हो गया है। उन्होंने गुरुग्राम के एक अस्पताल में 74 साल की उम्र में आखिरी सांस ली। बताया जा रहा है कि वे पिछले कुछ समय से बीमार थे।
पंडित भजन सोपोरी पद्मश्री से सम्मानित
मशहूर संतूर वादक पंडित भजन सोपोरी का जन्म साल 1948 में श्रीनगर में हुआ था। उनका पूरा नाम भजन लाल सोपोरी था। भजन सोपोरी को क्लासिकल म्यूजिक में योगदान के लिए 1992 में संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार दिया गया था। इसके बाद उन्हें भारत सरकार ने साल 2004 में पद्मश्री से सम्मानित किया।
विरासत में मिली संतूर वादन की शिक्षा
पंडित भजन सोपोरी ने अपने करियर में अपनी कला के माध्यम से बहुत नाम कमाया था। उन्होंने संतूर की कला की विद्या कहीं और से नहीं बल्कि अपने ही घर में सीखी थी। उनके दादा जी एससी सोपोरी और पिता एसएन सोपोरी से ही उन्हें इस कला का ज्ञान प्राप्त हुआ था। कह सकते हैं कि भजन सोपोरी को संतूर वादन की शिक्षा विरासत में मिली थी।
क्लासिकल म्यूजिक के तीन रागों की रचना की
पंडित भजन सोपोरी ने संगीत के साथ अंग्रेजी साहित्य में पोस्ट ग्रेजुएट किया। इसके बाद उन्होंने वॉशिंगटन विश्वविद्यालय से वेस्टर्न क्लासिकल म्यूजिक में भी पढ़ाई की थी। पंडित भजन सोपोरी ने तीन रागों की रचना की है। इनमें राग लालेश्वरी, राग पटवंती और राग निर्मल रंजनी है।
इस अकादमी के संस्थापक हैं भजन सोपोरी
पंडित भजन सोपोरी का संबंध सूफियाना घराना से है। पंडित भजन सोपोरी ने एक एलबम नट योग ऑन संतूर बनाया। बता दें कि सोपोरी एकेडमी फॉर म्यूजिक एंड परफॉर्मिंग आर्ट्स के संस्थापक भी हैं भजन सोपोरी। इस अकादमी का मुख्य उद्देश्य शास्त्रीय संगीत को बढ़ावा देना है।
देशभक्ती गानों को दी धुन
पंडित भजन सोपोरी भारत के इकलौते क्लासिकल म्यूजीशियन हैं। जिन्होंने संस्कृत, अरबी समेत देश की लगभग हर भाषा में करीब 4 हजार से ज्यादा गीतों के लिए म्यूजिक कंपोज किया है। बता दें कि भजन सोपोरी ने देश की एकता के लिए भी कई गाने कंपोज किए हैं। इनमें विजयी विश्व तिरंगा प्यारा, कदम-कदम बढ़ाए जा, सरफरोशी की तमन्ना, और हम होंगे कामयाब शामिल हैं।
ये भी पढ़ें- Singer KK Top Songs: ‘मैंने दिल से कहा..’ से लेकर ‘छोड़ आए हम वो गलियां’ तक… ये हैं केके के बेहतरीन गाने