भोपालमध्य प्रदेश

तिरंगे को लेकर सियासत : RSS प्रमुख को झंडा भेंट करने जा रही कांग्रेस को पुलिस ने रोका

भोपाल। संघ के कार्यक्रम के चलते राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत इन दिनों भोपाल में है। बीजेपी आजादी के अमृत महोत्सव में हर घर तिरंगा अभियान चला रही है। वहीं कांग्रेस आरएसएस को घेर रही है। अब कांग्रेस ने संघ प्रमुख मोहन भागवत को तिरंगा भेंट करने का ऐलान भी कर दिया। इस मुद्दे पर शनिवार को पीसीसी के दफ्तर में पुलिस पहुंच गई।

दरअसल, आजादी के अमृत महोत्सव को लेकर कांग्रेस संघ पर हमलावर हो गई है। उसका आरोप है कि संघ के दफ्तर में कभी तिरंगा नहीं फहराया जाता। इस वजह से संघ प्रमुख को तिरंगा भेंट करना बेहद जरूरी है।

पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में झूमा-झटकी

आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत को तिरंगा भेंट करने जा रहे कांग्रेस प्रतिनिधि मंडल को पुलिस ने व्यापमं चौराहे पर रोका। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में झूमा-झटकी भी हुई।

पीसीसी के ऑफिस पहुंची पुलिस

प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग की उपाध्यक्ष संगीता शर्मा ने शनिवार को आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत को तिरंगा और किताब भेंट करने का ऐलान किया है। उनके तिरंगा भेंट करने जाने से पहले ही पुलिस ने पीसीसी में उन्हें रोक लिया। मीडिया विभाग के अध्यक्ष केके मिश्रा के कक्ष में पुलिस अधिकारी उन्हें रोके बैठे हैं। पीसीसी मुख्यालय के बाहर भी पुलिस के जवान तैनात हो गए।

संगीता शर्मा ने पूछा- क्या तिरंगा भेंट करना अपराध ?

संगीता शर्मा ने कहा मेरे कक्ष में पुलिस की तैनाती कर दी गई है। मुझे अपने कक्ष से निकलने नहीं दिया जा रहा है। मैं मध्य प्रदेश की जनता से पूछना चाहती हूं कि क्या आजाद भारत में देश का राष्ट्र ध्वज तिरंगा किसी को भेंट करना अपराध है। आजाद भारत में स्वतंत्रता दिवस के पहले आम जनता की आजादी पर पुलिस का पहरा बैठाना क्या सच्ची आजादी है। लेकिन मैं डरूंगी नहीं और राष्ट्रध्वज तिरंगा सम्मान पूर्वक भेंट करके ही रहूंगी। मैं आजादी की दूसरी लड़ाई के लिए तैयार हूं।

तिरंगा भेंट करने का किया था ऐलान

संघ के कार्यक्रम में भाग लेने के लिए आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत इन दिनों भोपाल में है। बीजेपी आजादी के अमृत महोत्सव में हर घर तिरंगा अभियान चला रही है। लोगों को तिरंगा अपने-अपने घर और सोशल मीडिया अकाउंट में डीपी के तौर पर तिरंगा लगाने के लिए प्रेरित कर रही है। कांग्रेस आरएसएस पर तिरंगे से दूरी बनाने को लेकर लगातार आरोप लगा रही है। इसके तहत ही कांग्रेस ने शनिवार को मोहन भागवत के कार्यक्रम में उनको तिरंगा भेंट करने का ऐलान किया था। अब पुलिस आरएसएस प्रमुख के कार्यक्रम में किसी प्रकार की कोई गड़बड़ी ना हो, इसके लिए प्रदेश कांग्रेस के मुख्यालय पहुंचकर संगीता शर्मा और केके मिश्रा को रोक लिया है।

ये भी पढ़ें: राजधानी की नई मेयर मालती राय ने ली शपथ, कलेक्टर ने महापौर सहित पार्षदों को दिलाई शपथ; CM शिवराज बोले- भोपाल की गलियों में मैंने साइकिल चलाई

मध्य प्रदेश की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button