जबलपुर में रहने वाली एक महिला के एक्स बॉयफ्रेंड ने महिला और खुद की प्राइवेट फोटो दिखाकर शादी तुड़वा दी और फिर उसके साथ वह लिव इन में रहने लगा। इसके बाद में इंदौर और मैहर में अपने 3 दोस्तों के साथ महिला का गैंगरेप भी किया। जबलपुर पुलिस ने प्रेमी सहित उसके 3 दोस्तों पर दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया है। महिला थाना प्रभारी शबाना परवेज के अनुसार मूलत: जबलपुर निवासी 22 वर्षीय महिला की दो बेटियां हैं। महिला 14 साल की थी, जब उसके मां-पिता ने तलाक ले लिया। किशोरी दुकान में काम करते हुए अलग रहने लगी थी।
फोटो-वीडियो दिखाकर करा दिया तलाक
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार महिला को बॉयफ्रेंड ने पहले तो अपने साथ लिव इन में रखा। दोनों के लिव-इन-रिलेशनशिप में खटास आ गई। वे अलग हो गए। युवती ने इंदौर के विजय नगर क्षेत्र में रहने वाले एक युवक से शादी कर ली। इस दौरान महिला एक बेटी की मां भी बन गई। इसके बाद महिला की जिंदगी में बॉयफ्रेंड अमित चोलकर की एक बार फिर एंट्री हुई। अमित ने महिला और उसकी प्राइवेट फोटो व वीडियो उसके पति को भेज दिए जिस कारण से युवती की शादी टूट गई। महिला अकेली पड़ जाने के करण अमित के साथ फिर रहने लगी। उनके संबंधों से भी एक बेटी हुई। इसी बीच आरोपी ने अपने 3 दोस्त बिलहरी निवासी बलराज बिरहा उर्फ बल्लू, अधारताल निवासी राजेश और फुहारा निवासी मुकेश जैन को जबलपुर से इंदौर बुलाया। वहां खजराना क्षेत्र स्थित एक मकान में युवती को नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। बेहोशी की हालत में महिला के साथ 3 दोस्तों से गैंगरेप कराया।
मैहर में भी महिला के साथ हुआ गैंगरेप
आरोपी अमित महिला को मैहर ले गया। वहां भी उसने 3 आरोपियों से गैंगरेप कराया। इसके बाद महिला जबलपुर पहुंची। जहां वह एसपी के पास पहुंची। एसपी के निर्देश पर महिला थाने में चारों आरोपियों के खिलाफ रेप, गैंगरेप सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज हुआ। केस डायरी इंदौर में खजराना थाने को ट्रांसफर कर दिया है।