
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मुंबई दौरे के दौरान सुरक्षा में चूक का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि एक शख्स काफी देर तक अमित शाह के आस पास घूमता रहा। अधिकारियों को शक होने पर इसकी जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे 5 दिन की पुलिस कस्टडी में भेजा गया है।
आंध्र प्रदेश के सांसद का PA है संदिग्ध!
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, संदिग्ध का नाम हेमंत पवार है, जो महाराष्ट्र के धुले का रहने वाला है। पूछताछ के दौरान उसने खुद को आंध्र प्रदेश के एक सांसद का PA बताया।
हाथ में पहन रखा था गृह मंत्रालय का बैंड
यह मामला मंगलवार का है। जब 32 वर्षीय हेमंत पवार गृह मंत्री अमित शाह और देवेंद्र फडणवीस के सुरक्षा घेरे के काफी पास घूमता दिखा था। उसके हाथ में गृह मंत्रालय का बैंड भी था। हालांकि, वह इसे पहनने के लिए अधिकृत नहीं था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह संदिग्ध व्यक्ति राज्य के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और देवेंद्र फडणवीस के घर के बाहर भी ब्लेजर पहन कर घूमता हुआ नजर आया था।
पुलिस ने 3 घंटे में कर लिया गिरफ्तार
गृह मंत्रालय के किसी अधिकारी को शक होने पर इसकी जानकारी को पुलिस को दी गई। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की और 3 घंटे में उसे गिरफ्तार कर लिया।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, हेमंत पवार आंध्र प्रदेश के सांसद के पीए के तौर पर काम करता है। उसके पास संसद का पास भी है। लेकिन उसने जो गृह मंत्रालय का बैंड हाथ में पहन रखा था, वह उसके लिए अधिकृत नहीं था और इसका इस्तेमाल करने के लिए उसे सजा भी हो सकती है।

मुंबई दौरे पर क्यों गए थे अमित शाह
अमित शाह 4-5 सितंबर को BMC चुनाव को लेकर दो दिवसीए मुंबई दौरे पर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने बीएमसी चुनाव को लेकर डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस के आवास पर सभी सांसदों, विधायकों, एमएलसी और पार्षदों के साथ बैठक की थी। इस दौरान अमित शाह ने कहा था कि मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के खेमे वाली शिवसेना ही असली शिवसेना है। इसके अलावा उन्होंने शहर के प्रमुख गणेश पंडाल लालबागचा राजा में भगवान श्रीगणेश की पूजा की।
यहां अमित शाह ने मुंबई BMC चुनाव जीतने के लिए BJP नेताओं को 227 सीटों में से 135 सीटें जीतने का टारगेट दिया। दरअसल, BMC का चुनाव सितंबर या अक्टूबर में होना है।