क्रिकेटखेलताजा खबर

टीम इंडिया के दिग्गज क्रिकेटर रहे सलीम दुर्रानी का निधन, दर्शकों की मांग पर मारते थे छक्का

स्पोर्ट्स डेस्क। टीम इंडिया के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर सलीम दुर्रानी का निधन हो गया है। उन्होंने 88 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। जानकारी के मुताबिक, वे कैंसर से जूझ रहे थे। जिसके चलते गुजरात के जामनगर में रविवार सुबह उनका निधन हो गया। दुर्रानी पहले ऐसे भारतीय क्रिकेटर हैं, जिन्हें अर्जुन अवार्ड से सम्मानित किया गया था।

अफगानिस्तान में हुआ था जन्म

स्पिन ऑलराउंडर सलीम दुर्रानी का जन्म 11 दिसंबर 1934 को अफगानिस्तान के काबुल में हुआ था। भारत और पाकिस्तान के बंटवारे के दौरान दुर्रानी का परिवार भारत आ गया था। दुर्रानी ने क्रिकेट जगत में 60-70 के दशक में अपने ऑलराउंड परफॉर्मेंस से अलग पहचान बनाई थी। भारत के क्रिकेट इतिहास में दुर्रानी एक शानदार ऑलराउंडर के तौर पर जाने जाते हैं।

रवि शास्त्री ने जताया दुख

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कोच रवि शास्त्री ने ट्वीट कर दुर्रानी के निधन पर दुख जताया। उन्होंने लिखा-आसानी से भारत के सबसे रंगीन क्रिकेटरों में से एक – सलीम दुरानी। आत्मा को शांति मिले। ॐ शांति।

आतिशी बल्लेबाजी के लिए जाने जाते थे दुर्रानी

दुर्रानी ने साल 1960 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मुंबई टेस्ट में डेब्यू किया था। उन्होंने भारत की ओर से कुल 29 टेस्ट मैच खेले और इस दौरान 1202 रन बनाए। जिसमें 1 शतक और 7 अर्धशतक शामिल रहा, इसके अलावा 75 विकेट लेने में सफल रहे थे। सलीम दुर्रानी आतिशी बल्लेबाजी के लिए जाने जाते थे। इसके साथ ही सलीम दर्शकों के कहने पर छक्का जमाने के लिए भी काफी मशहूर थे।

फिल्मों में भी किया काम

सलीम दुर्रानी ने फरवरी 1973 को इंग्लैंड के खिलाफ मुंबई में आखिरी टेस्ट मैच खेला था। क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद साल 1973 में ही उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री में भी हाथ आजमाया था। सलीम ने बॉलीवुड फिल्म ‘चरित्र’ में एक्ट्रेस परवीन बॉबी के साथ काम किया था।

खेल जगत से जुड़ी अन्य खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button