अंतर्राष्ट्रीय

सोरेन की विधायकी पर तलवार के बीच विधायकों की लतरातू में पिकनिक, वापस आने के बाद सीएम हाउस में बैठक

रांची। खनन लीज आवंटन मामले में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सदस्यता को लेकर जारी अनिश्चितता के बीच शनिवार को झारखंड के विधायकों ने खूंटी जिले के ‘लतरातू’ में दोपहर में पिकनिक का लुत्फ उठाया। हालांकि, शाम को सभी विधायक रांची लौट आए। झारखंड की सत्ता में शामिल महागठबंधन के सभी 45 विधायकों की रात में सीएम हाउस में एक बैठक बुलाई गई है।

दिन भर चला पॉलिटिकल ड्रामा

इससे पहले शनिवार सुबह से पॉलिटिकल ड्रामा जारी रहा। महागठबंधन के विधायक सुबह 11 बजे सीएम हाउस पहुंच गए। इनके हाथों में बैग और सामान था, जिसके बाद कहा जा रहा था कि सभी को छत्तीसगढ़ भेजा जा रहा है। हालांकि, दोपहर करीब 2:30 बजे विधायक खूंटी जिले के लतरातू के लिए बसों में रवाना हुए। करीब 3 घंटे तक डैम यहां पिकनिक मनाने के बाद विधायक वापस लौट आए। इस दौरान सीएम हेमंत सोरेन और विधायकों की तस्वीरें सामने आर्इं। इसमें सोरेन विधायकों के साथ हाथ हिलाते हुए सेल्फी लेते नजर आ रहे हैं। सोरेन ने इस दौरान डैम पर विधायकों के साथ बोटिंग भी की।

झामुमो महासचिव बोले- भाजपा यही भाषा समझती है

झारखंड मुक्ति मोर्चा के महासचिव व मुख्य प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा – 45 विधायक मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राजधानी से 38 किमी दूर खूंटी के पिकनिक स्पॉट ‘लतरातू’ से घूमकर शाम करीब 6 बजे वापस रांची रवाना हुए। सभी विधायक रात 8 बजे सीधे मुख्यमंत्री आवास पर, पहुंचे जहां सत्तारूढ़ गठबंधन के सदस्यों की बैठक होनी है। पहले सभी विधायकों को रामगढ़ जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल ‘पतरातू’ जाना था, लेकिन जानबूझकर हम उन्हें उल्टी दिशा में खूंटी जिले में ‘लतरातू’ घुमाने ले गए, क्योंकि मुख्य विपक्षी भाजपा यही भाषा समझती है।

 

संबंधित खबरें...

Back to top button