जबलपुरमध्य प्रदेश

खेत की रखवाली करने गए किसान की मौत, जंगली सूअर का शिकार करने के लिए फैलाया था करंट

मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में जंगली सूअर का शिकार करने के लिए खेत में करंट लगाया था, जिसकी चपेट में आने से एक किसान की मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर करंट फैलाने वाले आरोपित की तलाश शुरू कर दी है। ये घटना जिले के चचाई थाना क्षेत्र के ग्राम बरगंवा की है।

पिता की मौत, बेटा बाल-बाल बचा

जानकारी के मुताबिक, जंगली सूअर का शिकार करने के लिए अज्ञात लोगों ने तार द्वारा खेत में करंट लगाया गया था। इस दौरान खेत में रखवाली करने जा रहे पिता-पुत्र करंट की चपेट में आ गए। रामस्वारथ राजभर (58) निवासी बरगवां का दाहिना पैर बिजली के तार में उलझ गया। तार में करंट होने से किसान का हाथ, पैर समेत शरीर का अन्य हिस्सा बुरी तरह से झुलस गया। कुछ देर में ही रामस्वारथ ने दम तोड़ दिया। किसान के साथ उसका बेटा मुन्ना (30) भी था, जो बाल-बाल बच गया।

फसल की रखवाली करने जा रहे थे खेत

देर रात को हुई इस घटना की जानकारी चचाई पुलिस को दी गई। शनिवार की सुबह शव का पंचनामा व पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई। बताया जा रहा है कि रामस्वारथ राजभर ने दो किमी दूर अपने खेत में धान की फसल लगाई है। जंगली सूअर अक्सर किसानों की फसलों को चौपट कर देते हैं। यही कारण है कि रामस्वारथ राजभर अपने बेटे के साथ फसल की रखवाली करने के खेत जा रहे थे। आशंका जताई जा रही है कि किसी स्थानीय व्यक्ति ने सूअर के शिकार के लिए यह करंट लगाया गया था। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

ये भी पढ़ें: MP के निवाड़ी में भीषण हादसा : तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराकर हुई चकनाचूर, 3 की मौत; पार्टी कर लौट रहे थे सभी

मध्य प्रदेश की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button