बिहार के गया जिले में नक्सलियों ने शनिवार देर रात दिलदहला देने वाली एक वारदात को अंजाम दिया। नक्सलियों ने यहां एक ही परिवार के चार लोगों को फांसी पर लटका कर मार दिया। नक्सलियों ने उनके घर को भी बम से उड़ा दिया गया। नक्सलियों ने वारदात को अंजाम देने के बाद पर्चा भी छोड़ा है।
डुमरिया थाना क्षेत्र के मोनबार गांव की घटना
जानकारी के मुताबिक, गया जिले के अतिनक्सल प्रभावित क्षेत्र डुमरिया थाना क्षेत्र के मोनबार गांव निवासी सरजू सिंह भोक्ता के घर को नक्सलियों ने देर रात बम लगाकर उड़ा दिया। सरजू भोक्ता के दो बेटे सतेंदर सिंह भोक्ता और महेंद्र सिंह भोक्ता तथा उनकी पत्नियों को फांसी पर लटका दिया।

नक्सलियों ने पर्चा में दी धमकी
पुलिस के मुताबिक, नक्सलियोंने घटनास्थल पर एक पर्चा लगाकर धमकी भी दी है, जिसमें लिखा है कि मारे गए लोग इंसानियत के हत्यारे हैं और उन्हें विश्वासघात करने की सजा दी गई है। नक्सलियों ने लिखा है कि ये चार हत्याएं उनके 4 साथियों अमरेश, सीता, शिवपूजन और उदय की हत्या का बदला है। उन्हें जहर देकर साजिश का शिकार बनाया गया था। आगे भी ऐसी कार्रवाई करते रहेंगे।
ये भी पढे़: मणिपुर में असम राइफल्स के काफिले पर हमला, 5 जवान शहीद; कमांडिंग ऑफिसर की पत्नी और बेटे की भी मौत
चुनाव में दबिश दिखाना चाहते हैं: एसएसपी
इस वारदात पर एसएसपी आदित्य कुमार ने कहा, नक्सलियों ने यह कायराना हरकत चुनाव में दबिश दिखाने के लिए की है। हत्या उसी जगह हुई है, जहां चार नक्सली एनकाउंटर में मारे गए थे। पुलिस पूरे इलाके में सर्च अभियान कर रही है।