भोपालमध्य प्रदेश

VD शर्मा ने राजभवन घेराव पर कसा तंज, कहा- कांग्रेस बंटाधार युग की यादें ताजा करने के लिए करें प्रदर्शन; जेपी नड्‌डा 27 मार्च को आएंगे भोपाल

भोपाल। कांग्रेस के राजभवन घेराव के ऐलान को लेकर भाजपा के नेता लगातार हमला बोलते हुए नजर आ रहे हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने रविवार को मीडिया से चर्चा में कहा- कांग्रेस एक राजनीतिक दल है और उसे क्या करना है, यह तय करने के लिए वह स्वतंत्र है। लेकिन, प्रदेश की जनता यह जानती है कि कौन उसके साथ हर दौर में खड़ा रहा है। जनता यह भी जानती है कि दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार ने किस तरह मध्य प्रदेश का बंटाधार किया था। कांग्रेस को अगर प्रदर्शन ही करना है, तो बंटाधार युग की यादें ताजा करने के लिए करना चाहिए।

इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के छिंदवाड़ा दौरे और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा भोपाल दौरे को लेकर जानकारी दी है।

कांग्रेस के पास नहीं बचा कोई मुद्दा : वीडी शर्मा

प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि कांग्रेस राजभवन का घेराव करके यह दिखा देना चाहती है कि उसके पास अब कोई मुद्दा नहीं है। वह सिर्फ झूठ और छल-कपट की राजनीति ही कर सकती है। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश में भाजपा की सरकारें इस तरह काम कर रही हैं कि वे पूरी जिम्मेदारी के साथ यह बता सकती हैं कि किस पंचायत में, किस गांव में हमने क्या काम किया है। किस तरह गरीबों का जीवन बदलने के अभियान को साकार किया है। मध्य प्रदेश में तो भाजपा सरकार जिन लोगों को योजनाओं का लाभ नहीं मिला है, उनका ऑन स्पॉट रजिस्ट्रेशन करके लाभ दिला रही है। प्रदेश सरकार ने हाल ही में आधी आबादी के जीवन को खुशहाल बनाने के लिए लाड़ली बहना योजना शुरू की है।

राज्यपाल का सम्मान करे कांग्रेस

प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि अगर मैं यह कहूं कि मध्य प्रदेश को पहली बार ऐसे राज्यपाल मिले हैं, जो जनता से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर पूरी सक्रियता से काम कर रहे हैं, तो यह गलत नहीं है। महामहिम राज्यपाल सिकलसेल एनीमिया जैसी बीमारी के उन्मूलन के लिए पूरी सक्रियता से काम कर रहे हैं। उनके मार्गदर्शन में शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक बदलाव हो रहे हैं। कांग्रेस को तो ऐसे महामहिम राज्यपाल का सम्मान करना चाहिए।

27 को भोपाल आएंगे नड्‌डा

भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने बताया कि भोपाल में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नए कार्यालय का भूमिपूजन 27 मार्च को होगा। इसके लिए बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा भोपाल आएंगे। उन्होंने ने बताया कि पार्टी के प्रदेश कार्यालय के निर्माण की शुरुआत की गई है। इसके भूमिपूजन की संभावित तारीख 27 मार्च है, जिसके लिए पार्टी अध्यक्ष नड्डा के कार्यालय की ओर से सैद्धांतिक सहमति मिली है। उन्होंने बताया कि नड्डा के विस्तृत कार्यक्रम की अभी प्रतीक्षा है।

अमित शाह छिंदवाड़ा में कार्यकर्ताओं का करेंगे मार्गदर्शन

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आगामी 25 मार्च को छिंदवाड़ा के दौरे पर आ रहे हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं को उनका मार्गदर्शन मिलेगा। उनके मार्गदर्शन में पार्टी कार्यकर्ता छिंदवाड़ा में भी जीत हासिल करने के संकल्प के साथ आगे बढ़ेंगे।

ये भी पढ़ें: MP सरकार ने जेलों में बंद 21 हजार कैदियों की मजदूरी बढ़ाई, नरोत्तम मिश्रा ने कांग्रेस के आंदोलन पर कसा तंज; NIA ने 2 युवकों को छोड़ा

मध्य प्रदेश की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button