जबलपुरमध्य प्रदेश

सरकार ने मध्य प्रदेश को सट्टा और जुआ का गढ़ बना दिया, चारों ओर कमीशनखोरी और भ्रष्टाचार हावी : कमलनाथ

उमरिया। मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ कांग्रेस की जन आक्रोश रैली में शामिल होने उमरिया पहुंचे। यहां उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए शिवराज सरकार को घेरा है। कमलनाथ ने भाजपा सरकार की प्रदेश भर में चलाई जा रही विकास यात्रा को निकास यात्रा बताया है। कमलनाथ ने वर्तमान की भाजपा सरकार को पैसे के दम पर खरीद-फरोख्त करके बनाई हुई सरकार करार दिया है। कमलनाथ ने कहा आज सरकार में चारों ओर कमीशनखोरी और भ्रष्टाचार हावी है। पूरे प्रदेश को सट्टा और जुआ का गढ़ बना दिया गया है। सरकारी एजेंसियां मोटा कमीशन लेकर बड़े-बड़े टेंडर दे रही है और सभी निर्माण कार्य अधूरे हैं।

‘चुनाव के बाद जनता से किए वादे भूल जाते हैं शिवराज’

कमलनाथ ने किसानों के डिफॉल्टर होने के सवाल पर कहा कि यह भाजपा की देन है। कांग्रेस ने किसानों की कर्जमाफी योजना लागू की थी, जिसे भाजपा ने बंद कर दिया। जिसके कारण किसान परेशान हुए, उन्हें डिफॉल्टर होना पड़ा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह की ‘लाड़ली बहना योजना’ के सवाल पर कमलनाथ ने कहा कि शिवराज सिंह चौहान को चुनाव के समय पर जनता की याद आती है और चुनाव के बाद वह किए गए वादों को भूल जाते हैं।

हम 20 वर्षों से सत्ता के वनवास में हैं : कमलनाथ

पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने सामुदायिक भवन में आयोजित मण्डलम और सेक्टर कमेटी के पदाधिकारियों की बैठक में हिस्सा लिया। जहां उन्होंने पदाधिकारियों से कहा कि हम 20 वर्षों से सत्ता के वनवास में हैं। लेकिन सेक्टर और बूथ हमारी दो महत्वपूर्ण कड़ी है। जिनके सहारे जीत हासिल की जा सकती है। उन्होंने सभी से आगामी चुनाव में एकजुट होकर पार्टी को जीत दिलाने की अपील की है।

(उमरिया से गोपाल कृष्ण तिवारी की रिपोर्ट)

संबंधित खबरें...

Back to top button