क्रिकेटखेलताजा खबर

BCCI सचिव जय शाह बने ICC के चेयरमैन, निर्विरोध चुने गए, ग्रेग बार्कले की जगह संभालेंगे कार्यभार

स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सचिव जय शाह इंटरनेशनल क्रिकेट काउंस‍िल (ICC) के नए चेयरमैन बन गए हैं। शाह को निर्विरोध चेयरमैन चुना गया है। जय शाह अब अब ग्रेग बार्कले की जगह लेंगे और 1 दिसंबर को ICC चेयरमैन का पद संभालेंगे। जय शाह फिलहाल भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सचिव हैं।

शाह ने ICC द्वारा जारी विज्ञप्ति में कहा ,‘‘अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के चेयरमैन के तौर पर नामित होने से अभिभूत हूं ।”

30 नवंबर को खत्म होगा ग्रेग बार्कले का कार्यकाल

ICC के मौजूदा चेयरमैन ग्रेग बार्कले का कार्यकाल 30 नवंबर को खत्म हो रहा है। वो लगातार दूसरी बार इस पद पर रहे हैं। आईसीसी चेयरमैन दो-दो साल के तीन कार्यकाल के लिए पात्र होता है और न्यूजीलैंड के वकील ग्रेग बार्कले ने अब तक 4 साल पूरे कर लिए हैं। मगर उन्होंने हाल ही में तीसरे कार्यकाल की दौड़ से खुद को अलग कर लिया है। बार्कले को नवंबर 2020 में आईसीसी के स्वतंत्र अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया गया था, उन्हें 2022 में फिर से इस पद पर चुना गया।

BCCI सचिव का पद अब छोड़ना होगा

शाह को अब BCCI सचिव का पद छोड़ना होगा, जिस पर वह 2019 से काबिज हैं। बोर्ड की आमसभा की बैठक अगले महीने या अक्टूबर में होगी। शाह इस समय आईसीसी की सबसे दमदार वित्त और व्यावसायिक मामलों की उप समिति के प्रमुख है। वह 2022 में इस उप समिति के अध्यक्ष बने थे।

शाह सबसे कम उम्र के चेयरमैन बने

इस नियुक्ति के साथ ही 35 साल की उम्र में जय शाह ICC के इतिहास में सबसे कम उम्र के चेयरमैन बन गए हैं। बता दें कि जगमोहन डालमिया, शरद पवार, एन श्रीनिवासन और शशांक मनोहर ऐसे भारतीय हैं, जिन्होंने अतीत में आईसीसी का नेतृत्व किया है।

एसीसी के भी अध्यक्ष हैं जय शाह

बीसीसीआई सचिव वर्तमान में एशियन क्रिकेट काउंसिल के अध्यक्ष पद की भी जिम्मेदारी संभालते हैं। वह इस पद पर 2021 से काबिज हैं। उनके ही कार्यकाल में 2022 के टी–20 फॉर्मेट और 2023 के वनडे फॉर्मेट में एसीसी ने सफलतापूर्वक आयोजन कराया था। माना जा रहा है कि जय शाह इस साल के अंत तक खुद को एसीसी के अध्यक्ष पद से मुक्त कर लेंगे।

ये भी पढ़ें- Women’s T20 World Cup 2024 : विमेंस टी-20 वर्ल्ड कप के लिए टीम का ऐलान, हरमनप्रीत को मिली कमान

संबंधित खबरें...

Back to top button