ताजा खबरभोपालमध्य प्रदेश

MP में कांग्रेस का प्रदेशव्यापी प्रदर्शन : घोटाले और भ्रष्टाचार को लेकर सरकार का घेराव; ट्विटर पर नंबर वन ट्रेंड हुआ #भ्रष्टासुर भाजपा

भोपाल। मध्य प्रदेश में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। इसी बीच प्रदेश में चुनाव से पहले कांग्रेस भाजपा को घोटाले और भ्रष्टाचार पर घेरने की रणनीति पर काम कर रही है। जिसके चलते आज प्रदेश कांग्रेस सभी जिलों में सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला है और महाकाल लोक घोटाला, सतपुड़ा भवन अग्निकांड, बिजली कटौती और जनता पर हो रहे अत्याचार के विरोध में प्रदेशव्यापी धरना-प्रदर्शन कर रही है।

ट्विटर पर ट्रेंड कर रहा है #भ्रष्टासुर भाजपा

कांग्रेस के इस प्रदेशव्यापी धरना-प्रदर्शन के चलते ट्विटर पर आज सुबह से #भ्रष्टासुर_भाजपा हैशटैग टॉप ट्रेंड कर रहा है। यूजर्स इस हैशटैग के साथ शिवराज और भाजपा सरकार पर तंज कस रहे हैं।

आदिवासियों को गुमराह करने की राजनीति : कमलनाथ

इधर, पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने आज आदिवासीबहुल जिले मंडला में भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए शिवराज सरकार को घोटाले भ्रष्टाचार की चौपट सरकार बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा आदिवासियों को गुमराह करने की राजनीति करती है और पार्टी को पेसा अधिनियम लागू करने में 18 साल का समय क्यों लगा। कमलनाथ ने कहा कि मंडला जिला भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और पलायन की राजधानी बन गया है। यहां की जनता सरकार की सैकड़ों झूठी घोषणाओं की गवाह है। उन्होंने आम सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस जोड़ने का काम करती है भाजपा तोड़ने में विश्वास रखती है। मणिपुर में जारी हिंसा और मौतों पर केंद्र/ राज्य सरकार की चुप्पी, वहां नागरिकों की मौत का कारण बन रही हैं।

भोपाल में भी प्रदर्शन

वहीं भोपाल के रोशनपुरा चौराहा पर महाकाल लोक घोटाला, सतपुड़ा भवन अग्निकांड, बिजली कटौती और जनता पर हो रहे अत्याचार के विरोध में कांग्रेस जिला स्तरीय धरना प्रदर्शन कर रही है। इस प्रदर्शन में पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, कांतीलाल भूरिया, विधायक पीसी शर्मा, दीपक जोशी, कैलाश मिश्रा आदि कांग्रेस के कार्यकर्ता शामिल हुए।

दिग्विजय सिंह ने पार्टी के कार्यकर्ता से कहा- लड़ो मत-डरो मत

भोपाल में पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह की अपनी ही पार्टी को सलाह, अब परिवर्तन का वक्त है। जनता चाह रही है वोट देना, कांग्रेस के कार्यकर्ता लड़ो मत… डरो मत, कमलनाथ का सर्वे पत्थर की लकीर हैं। दिग्विजय सिंह ने शिवराज सरकार पर निशाना साधा और कहा- BJP जन सेवा नहीं केवल स्वयं की धन सेवा कर रही है। जिनके पास साइकिल नहीं थी आज उनके पास फॉर्च्यूनर कार है। इनका धर्म केवल आडंबर है, धर्म से भी ये पैसा कमाने से नहीं चूकते हैं।

इन मुद्दों पर कांग्रेस का प्रदेशव्यापी प्रदर्शन

बता दें कि इस प्रदेशव्यापी जंगी प्रदर्शन में कांग्रेस भाजपा सरकार को महाकाल लोक में भ्रष्टाचार, सतपुड़ा भवन में आग, बिजली कटौती, प्रदेश में व्याप्त भ्रष्टाचार, महंगाई, गैस सिलेंडर, पेट्रोल-डीजल के दामों में भारी वृद्धि, बेरोजगारी, महिलाओं, किसानों, अबोध बालिकाओं पर अत्याचार सहित अन्य मुद्दे पर घेरेगी। कांग्रेस के इस प्रदेशव्यापी प्रदर्शन के लिए प्रदेशभर के अलग-अलग जिलों के लिए वरिष्ठ नेताओं को नियुक्त किया है।

कौन कहां हुआ शामिल

प्रदर्शन में कांग्रेस पीसीसी चीफ कमलनाथ मंडला में, ग्वालियर में जेपी अग्रवाल, उज्जैन में नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह, जबलपुर में विवेक तंखा, भोपाल में सुरेश पचौरी-कांतिलाल भूरिया, बुरहानपुर में अरुण यादव, सीधी में पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह शामिल हुए।

नेता प्रतिपक्ष पहुंचे उज्जैन, आंदोलन में हुए शामिल

विधायक और नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह आज सुबह उज्जैन पहुंचे। वे यहां सरकार के खिलाफ आंदोलन के अलावा विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल हुए। उज्जैन में भी शहीद पार्क पर धरना दिया जाएगा। स्थानीय सर्किट हाउस पर विधायक महेश परमार और रामलाल मालवीय सहित कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।

मध्य प्रदेश की अन्य खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button