ताजा खबरभोपालमध्य प्रदेश

‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता पर भोपाल में गूंजा देशभक्ति का स्वर, सीएम बोले- अब भारत चुप नहीं बैठेगा; हजारों की संख्या में लोग तिरंगा यात्रा में हुए शामिल

भोपाल। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता को लेकर राजधानी भोपाल में गुरुवार शाम देशभक्ति से ओतप्रोत माहौल देखने को मिला। रोशनपुरा चौराहे से शास्त्री प्रतिमा चौराहा तक विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, मंत्री विश्वास सारंग, महापौर मालती राय, पूर्व सैनिक, धर्मगुरु, समाजसेवी और हजारों आम नागरिक शामिल हुए।

यह यात्रा देश के सामरिक पराक्रम और एकता का प्रतीक बनी। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर कोई हाथ में तिरंगा थामे ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारे लगाता नजर आया।

मुख्यमंत्री ने पाकिस्तान को चेताया

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंच से संबोधित करते हुए कहा- सुन ले बेटा पाकिस्तान, बाप है तेरा हिंदुस्तान। अब भारत वो देश नहीं रहा, जो चुपचाप सह ले। यह नया भारत है, जो छेड़ेगा उसे छोड़ेगा नहीं। सीएम ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’, सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक जैसी कार्रवाइयों को भारत की रणनीतिक और सैनिक दृढ़ता का प्रमाण बताया। उन्होंने कहा कि ये सिर्फ सैन्य ऑपरेशन नहीं, बल्कि देश की सामूहिक शक्ति का प्रदर्शन है।

अब हमारी हथियार शक्ति केवल दिखावा नहीं

मुख्यमंत्री ने कहा कि राफेल, ब्रह्मोस और दूसरी उन्नत सैन्य तकनीक अब दुनिया के लिए चेतावनी बन चुकी है। हमने दुनिया को अपनी ताकत दिखाई है- हमारी रफ्तार, हमारी सोच और हमारा पुरुषार्थ अब हर मोर्चे पर साफ नजर आ रहा है।

भारत अब आतंकवाद को उसकी भाषा में देगा जवाब

सीएम डॉ. यादव ने कहा कि यह तिरंगा यात्रा और हवाई प्रदर्शन भारत की नई नीति, नई सोच और नई शक्ति का प्रतीक है। ‘हम घर में घुसकर मारेंगे। यह नया भारत अब चुप नहीं बैठेगा।’ उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को देश की विजय यात्रा का आधार बताया और कहा कि भारत लोकतंत्र और शक्ति के रास्ते पर अग्रसर है।

भोपाल में छाया देशभक्ति का रंग

पूरे रोशनपुरा क्षेत्र में तिरंगा लहराता नजर आया और इलाका देशभक्ति के रंग में रंग गया। तिरंगा यात्रा में नागरिकों की भागीदारी ने यह संदेश दिया कि भारत एकजुट है और हर संकट का सामना कर सकता है।

ये भी पढ़ें- विजय शाह पर CM डॉ. मोहन यादव बोले- न्यायालय के आदेश का पालन किया, कांग्रेस को बोलने का अधिकार नहीं, उनके सभी मंत्रियों पर चल रहे मुकदमे

संबंधित खबरें...

Back to top button