इंदौरताजा खबरमध्य प्रदेश

इंदौर : कांग्रेस पार्षद राजू भदौरिया के खिलाफ FIR दर्ज, भाजपा कार्यकर्ता से मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का है आरोप

हेमंत नागले, इंदौर। वार्ड नंबर 21 के कांग्रेस पार्षद द्वारा भाजपा कार्यकर्ता से मारपीट करने का मामला सामने आया है। घटना कल दोपहर (22 अप्रैल) की बताई जा रही है। भाजपा के कार्यकर्ता कपिल पाठक ने आरोप लगाया है कि, पानी के टैंकर को लेकर हुए विवाद के चलते कांग्रेस पार्षद राजू भदौरिया ने उसके साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। जिसकी शिकायत उसने थाने में दर्ज करवाई है। वहीं पुलिस मामले की जांच कर रही है।

क्या है पूरा मामला

पुलिस एफआईआर के अनुसार, 22 अप्रैल दोपहर 3:00 बजे के करीब जोन क्रमांक 5 टंकी पर भाजपा के कार्यकर्ता कपिल पाठक पानी के टैंकर को देखने पहुंचे थे। उसी समय कांग्रेस पार्षद राजू भदौरिया भी वहां पहुंचे। जहां दोनों का आपस में विवाद हो गया। विवाद के बाद राजू भदौरिया ने कपिल के साथ हाथापाई की और उसे जान से मारने की धमकी भी दी। घटना की जानकारी भाजपा के वरिष्ठ नेताओं को लगने के बाद कपिल पाठक ने राजू के खिलाफ मारपीट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज करवाया।

चुनाव के वक्त भी भाजपा-कांग्रेस में हुआ था विवाद

जुलाई 2022 में इंदौर नगर निगम चुनाव के दौरान वार्ड क्रमांक 22 के नगर निगम पार्षद राजू भदौरिया और भाजपा उम्मीदवार चंदू शिंदे का आपस में विवाद हुआ था। शिंदे द्वारा राजू पर चाकू से वार करने का आरोप लगाया गया था। घटना के बाद पुलिस ने राजू भदौरिया के खिलाफ धारा 307 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया था। घटना के बाद राजनीति गरमा गई थी और राजू भदौरिया इंदौर से फरार हो गया था। जिसे हीरा नगर पुलिस ने कोटा से गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद राजू भदौरिया को इंदौर हाई कोर्ट में जमानत मिल गई थी।

मध्य प्रदेश की अन्य खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button