
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले की लाइसेंसी पटाखा फैक्ट्री में हुए धमाके में मरने वालों की संख्या बढ़कर 5 हो गई है। वहीं, एक की हालत गंभीर बनी हुई है। मरने वालों में फैक्ट्री मालिक भी शामिल है। पुलिस के मुताबिक फैक्ट्री में 7 से 8 लोग काम करते थे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
3 लोगों की मौके पर ही मौत
पुलिस के मुताबिक हादसा थाना सरसावा क्षेत्र के सौराणा के पास बलवंतपुर गांव में हुआ। यहां एक लाइसेंसी पटाखा फैक्ट्री में जोरदार धमाका हुआ। आग की चपेट में आने से 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। इसके बाद 2 और लोगों ने दम तोड़ दिया। अब तक कुल 5 की मौत हो चुकी है। सभी मृतक सरसावा के सलेमपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले थे।
कैसे हुआ धमाका
सहारनपुर में हुए हादसे में फैक्ट्री में काम करने वाले राहुल, सागर, कार्तिक, वर्धनपाल, सुमित की मौत हुई है। वहीं, घायल शख्स का नाम वंश उर्फ विशाल बताया जा रहा है। पुलिस पता लगाने की कोशिश कर रही है कि धमाका कैसे हुआ।
ये भी पढ़ें- Cyclone Asani: बंगाल की खाड़ी में पहुंचा चक्रवाती तूफान ‘असानी’, इन राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी
CM योगी ने शोक व्यक्त किया
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सहारनपुर में पटाखा फैक्ट्री में हुई दुर्घटना में लोगों की मौत पर गहरा शोक प्रकट किया है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। साथ ही जिला प्रशासन के अधिकारियों को प्रभावितों का समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए।