
केंद्रीय मंत्री नागरिक उड्डयन ज्योतिरादित्य सिंधिया दिग्विजय सिंह के गढ़ में हैं। रविवार को सुबह केंद्रीय मंत्री सिंधिया जालपा माता मंदिर पहुंचे। जहां पूजा-अर्चना कर माता का आशीर्वाद लिया। राजगढ़ में पार्टी कार्यकर्ताओं से मिले और विकास कार्यों की जानकारी ली। केंद्रीय मंत्री ने कहा हमें पूरी एकजुटता से चुनाव लड़ना है। कमल के फूल व भगवा की हमें लाज रखना है।
ये भी पढ़ें: केंद्रीय मंत्री सिंधिया का इंदौर एयरपोर्ट पर स्वागत, दिग्विजय के गढ़ में करेंगे रात्रि विश्राम
नेताओं को कार्यकर्ताओं के लिए माला लेकर खड़ा होना चाहिए
दिग्विजय सिंह के गढ़ में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि आज जहां भी हम हैं, वह कार्यकर्ताओ के परिश्रम व जनता के प्यार की बदौलत हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता सिर्फ माला लेकर खड़े नहीं होना चाहिए, बल्कि नेताओं को कार्यकर्ताओं के लिए माला लेकर खड़े रहना चाहिए। केंद्रीय मंत्री ने रूस-यूक्रेन विवाद का जिक्र करते हुए कहा कि हम 22 हजार लोगों को मोदीजी के नेतृत्व में सफलतापूर्वक वापस लाए हैं। एक बालक को हम बचा नहीं सके, इसका हमें सदैव दुःख रहेगा।
भगवा को फिर से जिताना है: केंद्रीय मंत्री सिंधिया
पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा कि 18 महीने प्रदेश में चुनाव आने वाला है। हमें एकजुटता से चुनाव लड़ना है। हमें कमल के फूल और भगवा के लिए ही काम करना है और भगवा को फिर से जिताना है। आपस में भले ही मतभेद हो, लेकिन पार्टी के लिए सबको एकजुटता से काम करना होगा। इधर, प्रेस कांफ्रेंस के दौरान व बाद में भी केंद्रीय मंत्री दिग्विजय सिंह पर बोलने से बचते रहे।

बैंक सखियों व समूहों के प्रोडक्ट की सराहना की
सिंधिया ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में बैंक सखियों व समूहों की महिलाओं से संवाद किया। साथ ही समूहों की महिलाओं द्वारा किए जा रहे काम के बारे में जाना। दूध, मावा, धनिया, मिर्ची, हल्दी आदि के बारे में समूहों की महिलाओं से जानकारी प्राप्त की। उनके उत्पाद देखकर सराहना की।

सिंचाई परियोजना की ली जानकारी
मध्य प्रदेश में जल संसाधन विभाग की समीक्षा बैठक ली और मोहनपुरा व कुण्डालिया वृहद सिंचाई परियोजना तथा अन्य सम्बंधित परियोजनाओं पर विभाग के उच्च अधिकारियों के साथ विस्तारपूर्वक चर्चा की। कृषि हित में आगे की तैयारियों की भी जानकारी ली। इसके बाद राजगढ़ में कलेक्ट्रेट में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर योजनाओं के बारे में जानकारियां ली। कलेक्टर ने जिले में चल रहे विकास कार्यों का प्रजेंटेशन प्रस्तुत किया। उन्होंने बैठक में कुपोषण मिटाने पर बल दिया। कहा कि कुपोषण को खत्म करने के लिए जनांदोलन बनाओ। नेताओं, अधिकारियों व आम लोगों को इससे जोड़ो। कुपोषण को खत्म करना चाहिए।
