
भोपाल। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा प्रदेश कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में शामिल हुए। राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सोनिया-राहुल को ED के नोटिस पर कहा- चेहरा गड़बड़ है और वे आईना साफ कर रहे हैं। प्रेस कॉन्फ्रेंस में सीएम शिवराज सिंह चौहान और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा मौजूद रहे।
कांग्रेस तो भाई-बहन की पार्टी है : नड्डा
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मीडिया से चर्चा में सोनिया-राहुल को ED के नोटिस पर कहा- चेहरा गड़बड़ है और वे आईना साफ कर रहे हैं। कभी आपने देखा कि कोई मुजरिम बोले कि मैं बेईमान हूं। राहुल गांधी ना तो इंडियन, ना नेशनल, ना कांग्रेस के रह गए हैं। कांग्रेस तो भाई-बहन की पार्टी है।
नेता पुत्रों को टिकट नहीं देगी भाजपा : नड्डा
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भोपाल में स्पष्ट कर दिया कि मंत्री- विधायक व सांसदों के बच्चों को बीजेपी टिकट नहीं देगी। भाजपा का संविधान परिवारवाद के खिलाफ है। ये फार्मूला निकाय चुनाव में भी लागू होगा। विधानसभा के उपचुनाव में भी हम ने इसी नीति पर काम किया। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार अच्छा काम कर रही है, लेकिन इसी जोड़ी के नेतृत्व में अगले चुनाव होंगे कि नहीं इसका निर्णय तो पार्लियामेंट बोर्ड करती है।
1300 कार्यकर्ताओं ने अपलोड की जीवनी नमो एप्प
राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि मध्य प्रदेश में संगठन पर्व के अंतर्गत बूथों को सशक्त करने ओर डिजिटल बनाने का काम किया गया। इसके लिए प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा जी को बधाई। वहीं कमलपुष्प अभियान के अंतर्गत हमारी चार पीढ़ी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की जीवनी नमो एप्प पर अपलोड की गई। मुझे खुशी है कि मध्यप्रदेश भाजपा द्वारा कमल पुष्प अभियान के तहत लक्ष्य से अधिक 1300 कार्यकर्ताओं की जीवनी नमो एप्प पर अपलोड की। सेवा ही समर्पण अभियान के अंतर्गत हमारे कार्यकर्ताओं ने लाखों गरीबों और निराश्रितों की सेवा की।
डिजिटल रूप से बूथ पर काम बढ़ाया : नड्डा
राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि हम बूथ सशक्तिकरण के लिए काम कर रहे हैं। देश में 10.40 लाख राजनीतिक बूथ हैं, हम अभी तक 8.50 लाख बूथों तक अपने काम का विस्तार कर चुके हैं। यहां भी हम डिजिटल रूप से 64,634 बूथ पर अपने काम को आगे बढ़ाया है। इसके लिए मैं विष्णुदत्त जी को विशेष रूप से बधाई देता हूं। उन्होंने कहा कि जनसंघ से लेकर अब तक हमारी 4 पीढ़ियों ने खुद को खपाया है। उन कार्यकर्ताओं को याद करने के लिए नमो ऐप पर कमल पुष्प सेक्शन है। जिसमें कार्यकर्ताओं की जीवनी जोड़ी गई है। मध्य प्रदेश में 1,397 कार्यकर्ताओं की जीवनी को इसमें जोड़ा गया है, जिन्होंने पार्टी के लिए अपना सर्वस्व अर्पण किया।
किसानों को दी 82 लाख की धनराशि
राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा ने कहा, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मध्य प्रदेश में 35 लाख आवास ग्रामीण क्षेत्रों में और 7 लाख अवास शहरी क्षेत्रों में बने हैं। गरीब कल्याण अन्य योजना के तहत मध्य प्रदेश में 43.53 लाख मीट्रिक टन अनाज वितरित किया गया है। पीएम किसान सम्मान निधि के तहत 82 लाख किसानों को धनराशि दी गई है। साथ में 4,000 रुपए सालाना का लाभ राज्य सरकार द्वारा अलग से दिया गया है। प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना में मध्य प्रदेश का पहले स्थान पर खड़ा है।
इंदौर 5 बार देश का सबसे स्वच्छ शहर बना : नड्डा
राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा ने कहा, सुकन्या समृद्धि योजना के तहत मध्य प्रदेश में 23 लाख खाते खोले गए हैं। मध्य प्रदेश का इंदौर शहर पांच बार देश का सबसे स्वच्छ शहर बना है। महिला सशक्तिकरण के लिए मध्य प्रदेश ने कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। भाजपा ने सरकार के साथ मिलकर मध्य प्रदेश के साधारण आदमी की तकलीफ को समझने और उसको राहत देने का काम किया है। विकास की एक नई छलांग लगाकर मध्य प्रदेश लगातार हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। कमलनाथ जी की सरकार ने मध्य प्रदेश की कई सारी योजनाएं बंद कर दी थीं। भ्रष्टाचार, कांग्रेस और कमीशन एक साथ चला। लेकिन भाजपा सरकार ने मध्य प्रदेश की तस्वीर बदलने में बहुत बड़ा योगदान दिया है।

सीएम ने स्टेट हैंगर पर किया जेपी नड्डा का स्वागत
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा मध्यप्रदेश के तीन दिवसीय दौरे पर बुधवार को भोपाल पहुंचे। स्टेट हैंगर पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उनकी अगवानी की। सीएम ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा को विश्वास दिलाओ कि स्थानीय चुनाव में, चाहे नगरीय निकाय चुनाव हों या पंचायत, इनमें भारतीय जनता पार्टी शानदार सफलता प्राप्त करेगी।