
राजधानी दिल्ली में आज से रायसीना डायलॉग के सातवें संस्करण का शुभारंभ होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसका उद्घाटन करेंगे। इसमें यूरोपीय कमीशन की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन मुख्य अतिथि होंगी। यह भारत द्वारा आयोजित किया जाने वाला बहुदेशीय संवाद कार्यक्रम है, इसमें भू-राजनीतिक व भू-आर्थिक वैश्विक मुद्दों पर विचार होगा।
कितने बजे से शुरू होगा कार्यक्रम?
यह कार्यक्रम 25 अप्रैल से 27 अप्रैल तक दिल्ली के ताज पैलेस होटल में आोयजित किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरूआत शाम 6 से 7 बजे के बीच होगी।
इस बार की थीम
रायसीना डायलॉग 2022 की थीम ‘टेरा नोवा- इंपैसंड, इंपैसियस, इंपेरिल्ड’ है। इसमें 6 विषयों पर मुख्य रूप से चर्चा होगी। टेरा नोवा पृथ्वी को कहा जाता है। डायलॉग का नाम यह रखने का उद्देश्य है कि विश्व को नए नजरिए से देखा जाए।
- लोकतंत्र पर पुनर्विचार : व्यापार, तकनीक और विचार धारा
- बहुपक्षीयता का अंत : एक नेटवर्क वाली वैश्विक व्यवस्था
- जल गुट : हिंद – प्रशांत में अशांत ज्वार
- सामुदायिक निगमन : ग्रह, विकास और स्वास्थ्य के प्रति पहली जिम्मेदारी
- पर्यावरणाय बदलाव की प्राप्ति : सामान्य अनिवार्यता, वास्तविकताओं को अलग करना
- सैमसन बनाम गोलियत : लगातार चलने रहीं तकनीकी लडाइयां
इस साल 90 देशों के 210 वक्ता होंगे शामिल
रायसीना डायलॉग 2022 का आयोजन विदेश मंत्रालय व आब्जर्व रिसर्च फाउंडेशन (ORF) द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है। विदेश मंत्रालय के अनुसार, पिछले साल कोरोना के कारण इसे वर्चुअल आयोजित किया गया था। इस बार इसमें वक्ता प्रत्यक्ष रूप से शामिल होंगे। इसमें करीब 100 सेशन होंगे और करीब 90 देशों के 210 वक्ता शामिल होंगे। बर्लिन और वाशिंगटन में साइड इवेंट आयोजित किए जाएंगे।

क्या है रायसीना डायलॉग?
रायसीना डायलॉग की शुरुआत केंद्र सरकार ने 2016 में की थी। जिसके बाद से हर साल इस कार्यक्रम में हिस्सा लेने वाले देशों और लोगों की तादाद बढ़ती जा रही है। यह एक वार्षिक सम्मेलन है, जिसमें भू-राजनीतिक एवं भू-आर्थिक मुद्दों पर चर्चा की जाती है। इसका आयोजन विदेश मंत्रालय की ओर से ऑब्जर्वर रिसर्च फाउंडेशन के सहयोग से किया जाता है। जहां वैश्विक हालात और चुनौतियों पर एक सार्थक चर्चा के उद्देश्य से रायसीना डायलॉग की शुरुआत की गई। हर साल इस कार्यक्रम में हिस्सा लेने वाले देशों और लोगों की तादाद बढ़ती जा रही है। रायसीना में विभिन्न देशों के विदेश, रक्षा और वित्त मंत्रियों को शामिल किया जाता है।
स्वीडन, मालदीव के पूर्व पीएम भी होंगे शामिल
जानकारी के मुताबिक, रायसीना डायलॉग 2022 में स्वीडन के पूर्व प्रधानमंत्री कार्ल बिल्ट, कनाडा के पूर्व पीएम स्टीफन हार्पर, आस्ट्रेलिया के पूर्व प्रधानमंत्री एंथनी एबॉट और मालदीव के पूर्व राष्ट्रपति नशीद हिस्सा लेंगे।
इनके अलावा अर्जेंटीना, आर्मेनिया, गुयाना, नाइजीरिया, नार्वे, लिथुआनिया, नीदरलैंड, पोलैंड, फिलीपींस, मेडागास्कर, लक्जमबर्ग, पुर्तगाल और स्लोवेनिया के विदेश मंत्रियों के इसमें हिस्सा लेने की उम्मीद है। वहीं, ऑस्ट्रेलिया के विदेश मंत्री भी इस सम्मेलन में शामिल हो सकते हैं।