
यूक्रेन और रूस का विवाद अब अपने चरम पर पहुंच गया है। दोनों देशों के बीच जल्द युद्ध होने की संभावना जताई गई है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की ने बीती रात अपने सोशल मीडिया पोस्ट में रूसी आक्रमण की डेट भी बता दी है। यूक्रेन और रूस के बीच तेजी से बढ़ रहे तनाव के बीच यह महत्वपूर्ण घोषणा है। इसके मुताबिक, अगले 48 घंटे में कभी भी युद्ध शुरू हो सकता है।
यूक्रेन के राष्ट्रपति ने वीडियो किया पोस्ट
यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की ने राष्ट्र को संबोधित करते हुए वीडियो पोस्ट किया। जेलेंस्की ने पोस्ट में बताया कि, 16 फरवरी रूस द्वारा यूक्रेन पर हमले का दिन होगा। यूक्रेन इस दिन एकता दिवस मनाएगा। इससे जुड़े दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि हम राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे, नीले-पीले रंग के फीते लगाएंगे और दुनिया को अपनी एकता दिखाएंगे।

अमेरिका की चेतावनी
एक अमेरिकी अधिकारी ने बताया है कि रूस ने यूक्रेन से लगती सरहद पर तैनात अपने सैनिकों की संख्या बढ़ाकर 1.30 लाख से ज्यादा कर दी है। अमेरिकी खुफिया एजेंसियों ने भी इससे पहले चेतावनी जारी करते हुए कहा था कि रूस ने हमले के लिए बुधवार का दिन तय किया है। इसे देखते हुए कुछ विमानन कंपनियों ने यूक्रेन की राजधानी कीव के लिए अपनी उड़ानें भी रद्द कर दी हैं। वहीं नाटो देशों ने हथियारों की नई खेप भी रूस से मुकाबले को भेजी है।
बाइडेन और जेलेंस्की ने बात की
रूस के संभावित खतरे को देखते हुए बाइडेन और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने फोन पर करीब एक घंटे तक बात की। बाद में उनके सहयोगियों ने बताया कि जेलेंस्की ने बाइडन से कहा कि यूक्रेन के लोग रूसी सेना की ओर से संभावित हमले के मद्दे नजर भरोसेमंद संरक्षण में हैं।
इससे पहले मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा किया जा रहा था कि रूस सैन्य घुसपैठ की योजना बना रहा है लेकिन रूस ने इस बात का खंडन कर दिया है।
अमेरिका ने अपने नागरिकों से तुरंत यूक्रेन छोड़ने के लिए कहा
इस गहराते तनाव के बीच अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकेन ने कहा है कि “हम रूसी सेना की तैनाती में नाटकीय तेजी के कारण यूक्रेन में अपने दूतावास संचालन को कीव में अपने दूतावास से ल्वीव में अस्थायी रूप से स्थानांतरित करने की प्रक्रिया में हैं। हम शेष अमेरिकी नागरिकों से आग्रह करते हैं कि वे तुरंत यूक्रेन छोड़ दें।”
ये भी पढ़ें- Ukraine Crisis : यूक्रेन पर रूसी हमले की आशंका के बीच बाइडेन ने की पुतिन से फोन पर बात, जल्द जंग छिड़ने की आशंका
अमेरिका नहीं मानता….
हालांकि पेंटागन के प्रवक्ता ने कहा कि “अमेरिका अब भी नहीं मानता कि व्लादिमीर पुतिन ने आक्रमण करने का फैसला किया है, लेकिन संभव है कि वह बिना किसी चेतावनी के आगे बढ़ जाएं।”
इजराइल यहूदियों को निकालेगा
इजराइल के अधिकारियों ने कहा कि युद्ध की स्थिति में इजराइल यूक्रेन के यहूदी समुदाय की मदद के लिए तैयार हैं। इजराइली अधिकारियों ने कहा- अगर हालात बिगड़ते हैं तो लोगों को निकालने के लिए बड़े पैमाने पर एयरलिफ्ट करना होगा, इजराइल इसके लिए तैयार है। इसके पहले 2014 में जब रूस ने क्रीमिया पर कब्जा कर लिया था, तब भी इजराइल ने यूक्रेन की मदद की थी।
ये भी पढ़ें- Ukraine Crisis : रूस के साथ तनाव और गहराया! अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन की नागरिकों को यूक्रेन छोड़ने की चेतावनी