
चुनाव आयोग ने हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तारीख का ऐलान कर दिया है। सिंगल फेज में 12 नवंबर को वोट डाले जाएंगे और नतीजे 8 दिसंबर को घोषित होंगे। हिमाचल विधानसभा का कार्यकाल 8 जनवरी 2023 को खत्म हो रहा है।
हिमाचल प्रदेश में 12 नवंबर को होगा चुनाव
चीफ इलेक्शन कमिश्नर ने बताया कि प्रदेश में 12 नवंबर को चुनाव होगा। वहीं 8 दिसंबर को नतीजों का ऐलान होगा।
नोटिफिकेशन- 17 अक्टूबर
नॉमिनेशन- 25 अक्टूबर तक
वोटिंग- 12 नवंबर
काउंटिंग- 8 दिसंबर
हिमाचल में 1184 वोटरों की उम्र 100 साल से ज्यादा
हिमाचल प्रदेश में करीब 55 लाख वोटर हैं। चुनाव आयोग ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि यहां 1184 ऐसे वोटर हैं, जिनकी उम्र सौ साल से ज्यादा हैं।
कुल सीटें- 68
कुल वोटर- 55 लाख
पहली बार वोट डालेंगे- 1.86 लाख
80 साल से ऊपर वाले वोटर्स- 1.22 लाख
घर से भी कर सकेंगे वोटिंग!
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान चीफ इलेक्शन कमिश्नर राजीव कुमार ने बताया कि, लोग अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकें इसके लिए पिक एंड ड्रॉप की सुविधा दी जाएगी। हालांकि यह सुविधा विशेष परिस्थितियों में ही मिलेगी।
वहीं 80 साल से ज्यादा उम्र के लोग, दिव्यांग या कोविड संक्रमित जो वोट देना चाहते हैं लेकिन पोलिंग बूथ तक नहीं आ सकते हैं, आयोग ऐसे वोटरों के घर जाकर उन्हें मतदान करने की सुविधा देगा।
ये भी पढ़ें- PM मोदी का हिमाचल दौरा: वंदे भारत एक्सप्रेस को दिखाई हरी झंडी, ऊना और चंबा में करेंगे जनसभाएं
हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव
पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश में वर्तमान में बीजेपी की सरकार है। उसका कार्यकाल 8 जनवरी 2023 को खत्म हो रहा है। हिमाचल प्रदेश विधानसभा में कुल 68 सीटें हैं, यहां 2017 में सिर्फ एक चरण में नौ नवंबर को मतदान हुआ था। इसमें बीजेपी ने 44 सीटों पर जीत हासिल की थी। वहीं कांग्रेस को 21 सीटों पर सफलता मिली थी, जबकि 2 सीटों पर निर्दलीय और एक सीट पर सीपीआइ (मार्क्सवादी) ने जीत हासिल की थी।