
भोपाल। राजधानी के पिपलानी इलाके में स्थित फेडरल गोल्ड बैंक लूट मामले में क्राइम ब्रांच और पिपलानी थाने को बड़ी सफलता हाथ लगी है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी से घटना में प्रयुक्त दो बाई, फर्जी आधार कार्ड बरामद हुए हैं। लूट की घटना के तार बिहार से जुड़े हुए हैं। बिहार की जेल में बंद आरोपी सनी सिंह घटना का मास्टर माइंड है। घटना के सभी आरोपियों की पहचान हो गई है। जबकि, तीन आरोपी अभी भी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
हथियारों के साथ बैंक में घुसे थे नकाबपोश
पुलिस उपायुक्त श्रुतकीर्ति सोमवंशी ने सोमवार को पत्रकार वार्ता कर जानकारी दी। दरअसल, 5 अप्रैल को शहर के पिपलानी थाना क्षेत्र में स्थित फेडरल गोल्ड लोन बैंक में लूट की कोशिश हुई थी। नकाबपोश युवक हथियारों के साथ लूट के इरादे से बैंक में घुसे थे। हालांकि, बैंक मैनेजर की सूझबूझ से आरोपी वारदात को अंजाम नहीं दे पाए थे। मैनेजर ने समय रहते साइरन बजा दिया था और बदमाश बाइक से फरार हो गए थे। आरोपी सोने की चैन के बदले लोन लेने के बहाने बैंक में गए थे। पुलिस ने मैनेजर की शिकायत पर केस दर्ज किया। दिनदहाड़े बीच शहर में हुई घटना की जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ।
जेल में रची थी बैंक लूट की साजिश
पुलिस ने बताया कि लूट की घटना के तार बिहार से जुड़े हुए हैं। वहीं पटना जेल में बंद आरोपी सनी सिंह मास्टर माइंड है। जिसने जेल में लूट की साजिश रची थी। जिसने 4 लोगों की टीम बनाकर लूट की वारदात को अंजाम देने के लिए भोपाल भेजा था। 5 पिस्टल और 9 मैग्जिन लेकर 15 दिन पहले लूट की वारदात को अंजाम देने आरोपी पहुंचे थे और सीहोर के हरी बाजार में कमरा किराए से लिया था। आरोपियों ने 15 दिन पहले रेकी की। आरोपी राजा कुमार ने इस बैंक की रेकी की थी। मेन सड़क पर ही बैंक होने के कारण वारदात को अंजाम दिया था।
#भोपाल : #फेडरल_गोल्ड_बैंक_लूट_केस में #क्राइम_ब्रांच और #पिपलानी_थाने को मिली बड़ी सफलता। एक आरोपी को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त दो बाइक, फर्जी आधार कार्ड बरामद किए। तीन आरोपी अभी भी फरार। जेल में बंद आरोपी #सनी_सिंह घटना का मास्टरमाइंड है : #श्रुतकीर्ति_सोमवंशी, पुलिस… pic.twitter.com/beIaZCtwkR
— Peoples Samachar (@psamachar1) May 1, 2023
एक गिरफ्तार, तीन आरोपी फरार
पुलिस ने बताया कि आरोपी इतने शातिर हैं कि वारदात को अंजाम देने से 1 महीने पहले मोबाइल बंद कर लेते थे, ताकि पुलिस नंबर ट्रैस ना कर पाए। इस वारदात को अंजाम देने से पहले आरोपियों ने यही जुगाड़ को अपनाया था। क्राइम ब्रांच की टीम ने बिहार से आरोपी राजा कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। उसके तीन साथी अभी भी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।