
इंदौर में मानपुर थाने में पुलिस लूट के आरोपी की मौत का मामला सामने आया है। लूट-डकैती के आरोपी की हिरासत में मौत के मामले में मानपुर थाने में पदस्थ एक एसआई, दो एएसआई और दो आरक्षकों को निलंबित कर पुलिस लाइन ग्रामीण में अटैच कर दिया है। मामले में विरोध प्रदर्शन को देखते हुए एसपी न्यायिक जांच के आदेश भी कर दिए है। जयस के प्रदर्शन को देखते हुए पांच थानों का बल तैनात किया गया है।
पुलिस पर लगाया मारपीट का आरोप
जानकारी के मुताबिक, मानपुर पुलिस ने लूट-डकैती की साजिश के मामले में गिट्टीफोड़ा के रहने वाले बदमाश अर्जुन सिंगारे (19) पुत्र देवकरण को पकड़ा था। आरोपित से पुलिस लूट की वारदात और हथियारों के संबंध में पूछताछ कर रही थी। पुलिस का दावा है कि शुक्रवार रात पूछताछ के दौरान उसकी तबियत बिगड़ गई। उसे महू के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस हिरासत में मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया। परिवार और जयस संगठन से जुड़े लोगों ने पुलिस पर मारपीट का आरोप लगाया। आसपास के ग्रामीण भी भीड़ लेकर थाने पहुंच गए। अर्जुन की बहनें थाना परिसर में फूट-फूटकर रोईं।
परिजनों ने की NH जाम करने की कोशिश
युवक की मौत से गुस्साए परिजनों ने मानपुर थाने के सामने ही मुंबई आगरा नेशनल हाईवे जाम करने की कोशिश की। यहां पर परिजनों के साथ जयस संगठन के कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में मौजूद हैं। परिजनों का कहना है कि हमें मुआवजा और सरकारी नौकरी दी जाए। चक्काजाम के दौरान नेशनल हाईवे पर गाड़ियां भी डायवर्ट की गई है।
इन पुलिसकर्मियों को किया निलंबित
लोगों की नाराजगी और पुलिस की लापरवाही देखते हुए ग्रामीण एसपी भगवत सिंह विरदे ने 5 पुलिसकर्मियों को निलंबित किया है। जिनमें एसआई कमल उईके, एएसआई दिनेश वर्मा, एएसआई निर्भय सिंह सहित दो आरक्षकों गजानंद व सोनवीर को निलंबित करने की कार्रवाई की गई है। प्रथम दृष्टि में इन्हें दोषी पाया गया है। इस मामले की ज्यूडिशियल जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा। उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के मुताबिक शव का पोस्टमार्टम भी डॉक्टर की पैनल द्वारा किया जाएगा।
ये भी पढ़ें: इटारसी में करणी सेना के नगर मंत्री की हत्या… सरेआम गोदा चाकू, कार्यकर्ताओं ने किया थाने का घेराव; देखें VIDEO
लूट की योजना बनाते हुए किया था गिरफ्तार
मानपुर पुलिस ने लूट की साजिश में अर्जुन के साथ अन्य युवकों को भी पकड़ा था। पुलिस हथियार जब्त करने के लिए उसे लेकर गए थे। इस दौरान अर्जुन के पास से 8 लाख रुपए की बाइक जब्त हुई थी, जो चोरी की बताई जा रही है। अर्जुन गंभीर अपराधों में लिप्त था और कई बड़ी वारदात कर चुका था। गुरुवार को ही पुलिस ने अर्जुन और उसके साथियों को लूट की वारदात को अंजाम देने की योजना बनाते हुए गिरफ्तार किया था, पर वह मौके से फरार हो गया था।