ताजा खबरराष्ट्रीय

बिहार के 5 जिलों में हिंसक झड़प : स्कूल-मदरसे बंद, नालंदा में फायरिंग के बाद लगा कर्फ्यू… इंटरनेट बंद; सासाराम में ब्‍लास्‍ट

पटना। रामनवमी की शोभायात्रा के दौरान बिहार के पांच जिलों में हिंसक झड़प हुई। नालंदा के बिहार शरीफ और सासाराम में दो दिन से फायरिंग और बमबाजी हो रही है। जिसमें कई लोगों के घाटल होने की खबर है। वहीं शनिवार रात पहाड़पुर क्षेत्र में हुई फायरिंग में एक की मौत हो गई। मुंगेर में भी शनिवार की रात मूर्ति विसर्जन को लेकर दो गुटों में झड़प हो गई। इस दौरान जमकर मारपीट और पथराव हुआ। भागलपुर और गया में भी विवाद हुआ है। इसी को देखते हुए अमित शाह का दौरा रद्द कर दिया गया है।

अब तक 106 लोग गिरफ्तार

बिहार हिंसा में अब तक कुल 106 लोग गिरफ्तार हो चुके हैं, जिसमें बिहार शरीफ से 80 और सासाराम से 26 लोग अरेस्ट किए गए हैं। पूरे नालंदा में धारा 144 लागू है, इंटरनेट बंद है। रोहतास में स्कूल-कॉलेज 4 अप्रैल तक बंद कर दिया गया है।

सासाराम में धार्मिक स्थल के बाहर फेंका गया बम

पुलिस के मुताबिक, शनिवार रात सासाराम के शेरगंज इलाके में एक धार्मिक स्थल के बाहर बम फेंका गया। विस्फोट में छह लोग घायल हो गए। हालत गंभीर होने के चलते तीन लोगों को बीएचयू रेफर किया गया है। रोहतास में इंटरनेट सेवा पूरी तरह बंद है।

कहां से शुरू हुआ विवाद

रोहतास के जिला मुख्यालय सासाराम में गुरुवार रात रामनवमी की शोभायात्रा के बाद से ही बवाल मचा हुआ है। सहजलाल इलाके में एक पक्ष ने गाड़ियों में तोड़फोड़ कर शोभायात्रा से लौट रहे लोगों के साथ मारपीट की थी। विवाद बाइक खड़ी करने और नारे लगाने को लेकर शुरू हुआ। वहीं इसके विरोध में शुक्रवार को दूसरा पक्ष सड़क पर उतर गया था। इस दौरान कई इलाकों में पथराव हुआ और बम भी फेंके गए। कुछ घरों में आग लगा दी गई थी।

हिंसा की आड़ में 3.5 करोड़ की लूट

बिहारशरीफ की मेन मार्केट में ही ‘डिजिटल दुनिया’ नाम के स्टोर में उपद्रवियों ने हिंसा की आड़ में जमकर लूटपाट की। मुंबई बेस जावेद आजम ने इलेक्ट्रॉनिक्स शॉप चेन के तहत बिहारशारीफ में ‘डिजिटल दुनिया’ नाम से स्टोर खोला था। स्टोर मालिक का दावा है कि उपद्रवी करीब साढ़े तीन करोड़ का इलेक्ट्रॉनिक सामान, मोबाइल, लैपटॉप लूट ले गए।

मुंगेर में हिंसा

मुंगेर के गढ़ीरामपुर में शनिवार को प्रतिमा विसर्जन के दौरान विवाद हो गया। शरारती तत्वों द्वारा पत्थर फेंके जाने के बाद स्थानीय और विसर्जन करने जा रहे लोगों में पथराव हो गया। पुलिस की गाड़ी में भी तोड़फोड़ की गई। इस दौरान कई लोग घायल हो गए।

अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button