राष्ट्रीय

चीन की महिला जासूस गिरफ्तार: नेपाल की नागरिक बनकर दिल्ली में रह रही थी, पकड़े जाने पर बनाई ये कहानी

देश की राजधानी दिल्ली से चीन की महिला जासूस को गिरफ्तार किया गया है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने मजनूं का टीला इलाके से इसे गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक, 50 वर्षीय चीनी महिला नेपाल की नागरिक बनकर बौद्ध भिक्षु की वेशभूषा में राजधानी में रह रही थी।

पुलिस को काफी दिनों से था शक

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने यह कार्रवाई महिला के संदिग्ध हाव भाव को देखते हुए की है। महिला पर पुलिस को काफी दिनों से शक था। स्पेशल सेल ने महिला पर देशविरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगाकर उसे गिरफ्तार किया है। महिला से स्पेशल सेल समेत विभिन्न खुफिया एजेंसियां अलग-अलग पूछताछ कर रही हैं।

2019 में भारत आई थी महिला

रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरोपी महिला दिल्ली में नेपाल की नागरिक बनकर रह रही थी। महिला के पास नागरिकता के जो दस्तावेज मिले हैं, उनमें उसने अपना नाम Dolma Lama लिखवाया हुआ था और उसका पता काठमांडू का लिखा था।

वहीं जब दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने FRRO (Foreigners Regional Registration Offices) से जांच कराई तो पता चला कि महिला चीनी नागरिक है। महिला 2019 में चाईनीज पासपोर्ट पर भारत आई थी और उसका असली नाम Cai Ruo है।

चीन के हैनान प्रांत की रहने वाली

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरोपी चीनी जासूस चीन के हैनान प्रांत की रहने वाली है। उसने शुरू में खुद को नेपाली नागरिक बताकर गुमराह करने की कोशिश की लेकिन जब पुलिस अधिकारियों ने उससे नेपाली भाषा में बोलने के लिए कहा तो वह बात नहीं कर पाई। महिला का कहना है कि, चीनी कम्युनिस्ट नेता उसे मारना चाहते हैं, इसलिए वह अपनी जान बचाने के लिए उनसे भागकर भारत आ गई।

अगस्त में भी एक जासूस को किया गया था गिरफ्तार

इससे पहले राजस्थान इंटेलिजेंस ने 46 वर्षीय भागचंद को दिल्ली से गिरफ्तार किया था। आरोपी ने तीन साल पहले ही भारत की नागरिकता ली थी और दिल्ली में रहकर टैक्सी चलाता था। इंटेलिजेंस को सूचना मिली थी कि आरोपी पाकिस्तानी हैंडलर के संपर्क में था और दिल्ली से अहम जानकारी पाकिस्तान भेज रहा था।

आरोपी 1998 में परिवार समेत वीजा पर भारत आया था और यहां आकर मज़दूरी करने लगा। तीन साल पहले इसे भारत की नागरिकता मिली। यह पिछले तीन साल से पाकिस्तान के लिए जासूसी कर रहा था। दिल्ली के अलग-अलग जगहों की तस्वीरें खींचकर पाकिस्तान भेजता रहता था।

अन्य राष्ट्रीय खबरों के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button