
दमोह। जिले के तेंदूखेड़ा थाना क्षेत्र के रामादेही गांव में दो बच्चों की कुएं में गिरने से मौत है गई। बच्चों को कुएं में गिरता देख, उन्हें बचाने के लिए मां ने भी कुएं में छलांग लगा दी। लेकिन, दोनों बच्चों की मौत हो गई। जबकि, मां को गंभीर हालत में जबलपुर रेफर किया गया है। पुलिस ने आज पोस्टमार्टम के बाद शवों को परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
खेलते-खेलते कुएं में गिर गए बच्चे
जानकारी के मुताबिक, दमोह जिले के तेंदूखेड़ा थाना अंतर्गत ग्राम रामादेही में सोमवार की रात 8 वर्षीय सार्थक पुत्र भूपेंद्र घोसी एवं सत्यम पुत्र भूपेंद्र घोसी 6 माह घर के समीप ही खेलते-खेलते एक कुएं में गिर गए। दोनों बच्चों को बचाने के लिए उनकी मां आरती घोसी पति, भूपेंद्र घोसी (45) ने भी कुएं में छलांग लगा दी।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग बचाने के लिए दौड़े। वहीं ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचित किया और कड़ी मशक्कत कर तीनों को कुंए से बाहर निकाला। इसके बाद तीनों को इलाज के लिए तेंदूखेड़ा के स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने दोनों भाइयों को मृत घोषित कर दिया। जबकि, मां आरती की गंभीर हालत होने पर उसे तत्काल जबलपुर रेफर किया गया। जहां पर उसका इलाज चल रहा है।
पूरे गांव में शोक की लहर
इस घटना के बाद पुलिस द्वारा दोनों बच्चों का पोस्टमार्टम मंगलवार को कराया गया। जिसके बाद बच्चों के शव स्वजनों को सौंप दिए गए। इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है। बताया गया कि महिला का पति वर्ग एक का पेपर देने भोपाल गया था और घर पर मां और दो बच्चे अकेले थे।