ताजा खबरराष्ट्रीय

रांची में पहली बार हुआ एयर शो, सूर्य किरण टीम ने दिखाए हैरतअंगेज करतब, हजारों दर्शक रहे मौजूद

रांचीवासियों के लिए शनिवार का दिन एक ऐतिहासिक अनुभव लेकर आया। पहली बार राजधानी रांची में भारतीय वायुसेना द्वारा एयर शो का आयोजन किया गया, जिसमें वायुसेना की सूर्य किरण एरोबेटिक टीम ने आसमान में करतब दिखाकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। नामकुम स्थित खोजा टोली आर्मी भर्ती मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में हजारों लोग शामिल हुए।

सूर्य किरण टीम ने हॉक एयरक्राफ्ट से दिखाए अद्भुत करतब

भारतीय वायुसेना की सूर्य किरण एरोबेटिक टीम ने हॉक एयरक्राफ्ट के माध्यम से एक से बढ़कर एक हवाई करतब पेश किए। कभी विमान नीचे झुकता, तो कभी तेज रफ्तार से ऊंचाइयों को छूता। सबसे खास पल तब आया, जब विमानों ने तिरंगे रंग का धुंआ छोड़ते हुए आकाश में देशभक्ति का नजारा पेश किया। करीब एक घंटे तक चले इस प्रदर्शन में आसमान जैसे कला का कैनवास बन गया।

बड़े नेता और अधिकारी हुए शामिल

इस अवसर पर केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ, वायुसेना के एयर चीफ मार्शल अमरप्रीत सिंह और एयर मार्शल एपी सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा राज्य के कई राजनीतिक, प्रशासनिक और सैन्य पदाधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद थे। केंद्रीय मंत्री संजय सेठ ने इस सफल आयोजन के लिए सभी को धन्यवाद दिया और बताया कि एयर शो का प्रदर्शन रविवार को भी जारी रहेगा।

हर करतब को मोबाइल में किया कैद

एयर शो को देखने के लिए रांची और आसपास के क्षेत्रों से हजारों की संख्या में लोग पहुंचे थे। हर कोई इस ऐतिहासिक पल को अपने मोबाइल कैमरे में कैद करने में व्यस्त था। इसे लेकर लोगों के चेहरे पर उत्साह साफ झलक रहा था। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, सभी ने वायुसेना के इस प्रदर्शन को सराहा।

सुरक्षा व्यवस्था रही चाक- चौबंद

इस बड़े आयोजन को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। पूरा क्षेत्र छावनी में तब्दील हो गया था। मुख्य गेट के सामने विशाल टेंट, वीवीआईपी और आम जनता के लिए सुव्यवस्थित बैठने की व्यवस्था, मीडिया के लिए अलग जोन, और मैदान की चारों ओर बैरिकेडिंग की गई थी। बैरिकेडिंग के बाहर भी लोगों की भारी भीड़ मौजूद रही।

कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। इस अवसर को और भी रंगीन बनाने के लिए छऊ नृत्य दल ने अपनी विशेष प्रस्तुति दी, जिसने दर्शकों का दिल जीत लिया।

ये भी पढ़ें- कांगो में भीषण नाव दुर्घटना, 148 लोगों की मौत, 100 से अधिक अब भी लापता, एक चिंगारी से लगी आग

संबंधित खबरें...

Back to top button