
मध्यप्रदेश के सागर में अग्निवीर योजना के तहत युवाओं की सेना में भर्ती की प्रक्रिया आज से शुरू हो गई। सागर शहर में यह भर्ती प्रक्रिया आज यानी 7 से 20 अक्टूबर तक चलेगी। अग्निवीर भर्ती रैली परीक्षा में प्रदेश के 14 जिलों के युवा हिस्सा लेंगे।
पहले दिन हजारों युवा सागर पहुंचे, कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच भर्ती प्रक्रिया शुरू हो गई है। भर्ती रैली में शामिल होने बाले युवाओं में काफी उत्साह नजर आया। युवाओं ने बनियान एवं हाफ पेंट में चयनित होने के लिए डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन सहित अन्य प्रोसेस पूरी की है।
कलेक्टर और एसपी ने लिया जायजा
सागर कलेक्टर दीपक आर्य, एसपी तरुण नायक ने इंजीनियरिंग कॉलेज पहुंचकर सेना भर्ती की तैयारियों का जायजा लिया। भर्ती रैली में पहले दिन 6 हजार से अधिक युवा शामिल हो रहे हैं। एसपी तरुण नायक ने सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए निर्देश दिए कि प्रवेश द्वार से लेकर पूरे परिसर में पुलिस तैनात रहे। रैली स्थल पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। रैली स्थल पर प्रशासन व फौज द्वारा जारी किए गए प्रवेश पत्र के आधार पर ही प्रवेश दिया जाएगा।
जांच के बाद युवाओं को मिलेगी एंट्री
शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज के मुख्य द्वार से लेकर रैली में चिन्हित किए गए स्थानों का अधिकारियों ने निरीक्षण किया। उन्होंने प्रवेश द्वार पर अभ्यार्थियों के सामान की जांच, स्थान, सामग्री जमा स्थान, अभ्यर्थियों की दौड़ स्थल, दस्तावेजों की जांच स्थल, चिकित्सा, पार्किंग और अधिकारी व कर्मचारियों के आवासीय स्थलों की व्यवस्थाएं देखीं। भर्ती रैली में शामिल होने वाली युवाओं की प्रवेश द्वार पर जांच की जा रही है। इसके बाद युवाओं को भर्ती स्थल पर एंट्री दी गई।
पहले दिन सागर-श्योपुर के युवा लेंगे भाग
कर्नल संतोष कुमार ने बताया कि पहले दिन सागर और श्योपुर के युवा रैली में भाग लेंगे। भर्ती रैली गुरुवार रात 12.01 से शुरू हो गई, जो लगातार चलती रहेगी। अग्निवीर भर्ती रैली परीक्षा में पुलिस बल तैनात किया गया है।
अग्निवीर भर्ती में इन जिलों के युवा होंगे शामिल
बता दें कि अग्निवीर भर्ती रैली परीक्षा में प्रदेश के 14 जिलों के युवा हिस्सा लेंगे। इसमें ग्वालियर, भिंड, मुरैना, गुना, शिवपुरी, अशोकनगर, दतिया, शिवपुरी, निवाड़ी, टीकमगढ़, पन्ना, दमोह, छतरपुर एवं सागर जिले के 73 हजार से अधिक युवा शामिल होने के लिए सागर पहुंच रहे हैं।
ये भी पढ़ें: ट्रेन में दो विधायक शराब पीकर कर रहे थे बदसलूकी, अकेले सफर कर रही महिला ने की शिकायत, एक घंटे बाद जागी पुलिस