
तोक्यो। प्रशांत महासागर में स्थित द्वीपीय देश टोंगा के निकट रविवार को 7.1 तीव्रता का जोरदार भूकंप आया, जिसके बाद देश में सुनामी की चेतावनी जारी की गई है। फिलहाल, किसी नुकसान की फिलहाल कोई सूचना नहीं है।
तटों पर खतरे की घंटी
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण ने मुताबिक, भूकंप मुख्य द्वीप से लगभग 100 किलोमीटर (62 मील) उत्तर-पूर्व में आया। प्रशांत सुनामी चेतावनी केंद्र ने चेतावनी जारी करते हुए कहा कि भूकंप के केंद्र से 300 किलोमीटर (185 मील) के भीतर स्थित तटों पर खतरनाक लहरें उठ सकती हैं।
टोंगा एक द्वीप देश है
टोंगा पोलिनेशिया में स्थित एक देश है, जो 171 द्वीपों से बना है तथा इसकी जनसंख्या 100,000 से कुछ अधिक है। देश की अधिकतर आबादी मुख्य द्वीप टोंगाटापू पर रहती है। यह ऑस्ट्रेलिया के पूर्वी तट से 3,500 किलोमीटर (2,000 मील) से अधिक दूरी पर स्थित है।
म्यांमार में भूकंप के बाद भारी तबाही
म्यांमार में शुक्रवार सुबह 11:50 बजे 7.7 तीव्रता के भूकंप के बाद भारी तबाही हुई। इस भूकंप के झटके थाईलैंड, बांग्लादेश, चीन और भारत तक महसूस किए गए थे। म्यांमार और थाईलैंड में यह 200 साल का सबसे बड़ा भूकंप था। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, एक भूवैज्ञानिक ने इस भूकंप की तीव्रता की तुलना 334 एटॉमिक बम के विस्फोट से की है। इस झटके ने कई शहरों को बर्बाद कर दिया, सैकड़ों इमारतें जमींदोज हो गईं और हजारों लोग प्रभावित हुए। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मरने वालों का आंकड़ा 1700 के करीब पहुंच गया है, जबकि 3,408 से अधिक लोग घायल हुए हैं और 139 लोग लापता हैं।