
भोपाल। कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी द्वारा राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू के खिलाफ दिए आपत्तिजनक बयान के विरोध में भाजपा ने राजभवन तक मार्च किया। इसके बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, मंत्री विश्वास सारंग, विधायक रामेश्वर शर्मा और कार्यकर्ताओं के साथ राजभवन पहुंचे। जहां उन्होंने राज्यपाल मंगूभाई पटेल को ज्ञापन सौंपा कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी की लोकसभा सदस्यता बर्खास्त करने की मांग की।
लोकसभा सदस्यता बर्खास्त करने की मांग
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के नेतृत्व में गुरुवार को गांधी प्रतिमा से राजभवन तक मार्च निकाला। इसके बाद राज्यपाल को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के नाम से ज्ञापन सौंपा। इसमें कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी की लोकसभा सदस्यता बर्खास्त करने की मांग की। ज्ञापन में बीजेपी ने लिखा कि अधीर रंजन चौधरी ने राष्ट्रपति के खिलाफ अमर्यादित, आपत्तिजनक और असंवैधानिक टिप्पणी की है। उन्होंने ना सिर्फ राष्ट्रपति बल्कि महिलाओं की गरिमा और आत्मसम्मान को ठेस पहुंचाई है। ये भारत के समूचे जनजातीय समाज का भी अपमान है।
व्यवहार सदन के सदस्य की गरिमा के अनुकूल नहीं
उन्होंने लिखा कि राष्ट्रपति की गरिमा के विरुद्ध टिप्पणी करके भारत के सर्वोच्च संवैधानिक पद की साख को ना सिर्फ भारत में बल्कि वैश्विक स्तर पर भी गिराने का दुस्साहस किया है। अधीर रंजन चौधरी जैसे व्यक्ति का आचरण और व्यवहार सदन के सदस्य की गरिमा के अनुकूल नहीं है। अत: सदन की गरिमा और संवैधानिक मर्यादाओं को अक्षुण्य रखने के लिए ऐसे सदस्य को त्वरित प्रभाव से सदन की सदस्यता से बर्खास्त किया जाना उचित रहेगा।
अधीर रंजन चौधरी के इस बयान का विरोध
बुधवार को दिल्ली के विजय चौक पर कांग्रेस सांसदों के साथ धरने पर बैठे अधीर रंजन चौधरी ने मीडिया से बातचीत में कहा था कि हम धरना देंगे, मार्च करेंगे। अभी बहुत कुछ करना बाकी है। राष्ट्रपति भवन आज भी जाने की कोशिश करेंगे। हिंदुस्तान की राष्ट्रपत्नी जी सबके लिए हैं। हमारे लिए क्यों नहीं?’ भाजपा इस मुद्दे पर कांग्रेस के खिलाफ लगातार हमलावर है।
ये भी पढ़ें: कांग्रेस नेता अधीर रंजन के बयान पर बवाल: भोपाल में BJP का धरना; CM शिवराज बोले – देश कांग्रेस को कभी माफ नहीं करेगा