राष्ट्रीय

International Yoga Day 2022 : मैसूर पैलेस ग्राउंड में PM मोदी ने किया योग, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर दिया फिटनेस का संदेश

आज पूरे विश्व में 8वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मैसूर में एक सामूहिक कार्यक्रम में लोगों के साथ योग किया। इस दौरान आयुष मंत्री सर्वानंद सोनेवाल भी वहां मौजूद रहे। वहीं, पूरे देश में अलग-अलग स्थानों पर लोग योग कर रहे हैं।

योग दिवस की थीम

इस बार योग दिवस की थीम ‘योगा फॉर ह्यूमेनिटी’ (Yoga for Humanity) है, क्योंकि पिछले दो सालों में लोगों को कोरोना वायरस की वजह से काफी परेशानियां झेलनी पड़ीं।

मैसूर पैलेस ग्राउंड में योग करते पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को देश एवं दुनिया के लोगों को बधाई दी। इसके साथ ही योग दिवस के अवसर पर कर्नाटक के मैसुरू में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मैं ‘योगा फॉर ह्यूमेनिटी’ थीम के जरिए योग के इस संदेश को पूरी मानवता तक पहुंचाने के लिए संयुक्त राष्ट्र का और सभी देशों का हृदय से धन्यवाद करता हूं।

PM मोदी की मुख्य बातें

  • पीएम मोदी ने कहा कि योग की ये अनादि यात्रा अनंत भविष्य की दिशा में ऐसे ही चलती रहेगी। हम सर्वे भवंतु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामया के भाव के साथ एक स्वस्थ और शांतिपूर्ण विश्व को योग के माध्यम से भी गति देंगे।
  • भारतीय सभ्यता एवं संस्कृति की अद्भुत धरोहर योग आज दुनिया के लोगों के लिए जीवन का हिस्सा ही नहीं है बल्कि अब वह जीवन जीने की पद्धति बन रहा है।
  • ये पूरा ब्रह्मांड हमारे अपने शरीर और आत्मा से शुरू होता है। ब्रह्मांड हम से शुरू होता है। योग हमें अपने भीतर की हर चीज के प्रति जागरूक बनाता है और जागरूकता की भावना का निर्माण करता है।
  • योग हमारे लिए शांति लाता है, योग से शांति केवल व्यक्तियों के लिए नहीं है बल्कि योग हमारे समाज में शांति लाता है। योग हमारे राष्ट्रों और विश्व में शांति लाता है और योग हमारे ब्रह्मांड में शांति लाता है।
  • प्रधानमंत्री ने ये भी कहा कि योग आज ना सिर्फ विश्व स्वास्थ्य को दिशा दे रहा है, बल्कि संपूर्ण मानवता के लिए एक वैश्विक पर्व बन गया है।

  • उन्होंने कहा कि कुछ साल पहले तक योग घरों और आध्यात्मिक केंद्रों तक में सीमित था लेकिन अब यह विश्व के कोने-कोने तक पहुंच गया है।
  • भारत के आध्यात्मिक केंद्रों ने जिस योग-ऊर्जा को सदियों से पोषित किया, आज वह योग ऊर्जा विश्व स्वास्थ्य को दिशा दे रही है। आज योग वैश्विक सहयोग का पारस्परिक आधार बन रहा है। आज योग मानव मात्र को निरोग जीवन का विश्वास दे रहा है।
  • कोरोना महामारी का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि द्वीप, महाद्वीप की सीमाओं के ऊपर योग दिवस का उत्साह अब एक वैश्विक पर्व बन गया है। उन्होंने कहा कि योग किसी व्यक्ति के लिए नहीं संपूर्ण मानवता के लिए है।
  • पीएम मोदी ने कहा कि भारत में हम इस बार योग दिवस ऐसे समय पर मना रहे हैं, जब देश आजादी के 75वें वर्ष का पर्व मना रहा है, अमृत महोत्सव मना रहा है। योग दिवस की ये व्यापकता, ये स्वीकार्यता भारत की उस अमृत भावना की स्वीकार्यता है, जिसने भारत के स्वतंत्रता संग्राम को ऊर्जा दी थी।

राष्ट्रीय की अन्य खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

संबंधित खबरें...

Back to top button