ताजा खबरभोपालमध्य प्रदेश

MP में दिसंबर 2022 तक की अवैध कॉलोनियां होंगी वैध, CM शिवराज ने कहा- अब अवैध कॉलोनी कटी तो अफसर भी होंगे जिम्मेदार

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मंगलवार को प्रदेश के नगरीय क्षेत्र की अवैध कॉलोनियों को वैध करने ‘भवन अनुज्ञा’ का शुभारंभ किया। मुख्‍यमंत्री निवास पर हुए कार्यक्रम में सीएम शिवराज ने भोपाल की वैध घोषित कॉलोनियों के रहवासियों को मकानों के नक्शे भी वितरित किए। इसके तहत प्रदेश में 6 हजार से अधिक अवैध कॉलोनियां वैध की जाएंगी।

कार्यक्रम में सीएम शिवराज ने घोषणा की कि प्रदेश में दिसंबर 2022 तक की सारी कॉलोनियों वैध की जाएंगी। दिसंबर 2016 से 2022 तक की अवैध कॉलोनियों को वैध करने एक और संशोधन ले आएंगे। उन्‍होंने कहा कि अगर अवैध कॉलोनियों कटी तो अधिकारी भी जिम्मेदार होंगे।

बैंक लोन की पात्रता भी मिलेगी : सीएम

कार्यक्रम में सीएम शिवराज ने कहा कि हम अब नियमित कॉलोनियों की तरह ही इन कॉलोनियों में भी विकास के लिए उपलब्धता के आधार पर राशि उपलब्ध कराएंगे। जितने भी आवश्यक अधोसंरचना के काम हैं वे सारे काम इन कॉलोनियों में प्रारंभ करने के हम निर्देश दे रहे हैं। भवन अनुज्ञा, अनुमतियां मिलेगी और बैंक लोन की पात्रता भी मिलेगी। सभी कॉलोनियों में रहवासी संघ का गठन किया जाएगा, ताकि सरकार मदद कर सकें। स्वच्छता का ध्यान रखें। गलत नक्शे वाले मकानों को भी वैसे ही स्वीकार किया जाएगा। ऐसे मकान न तोड़े जाएंगे, न कार्रवाई होगी। वहीं बिजली के स्थाई कनेक्शन अति शीघ्र इन कॉलोनियों को दिलाई जाए।

अवैध ठहराने का निर्णय ही अवैध है : सीएम

सीएम बोले, मैं निर्देश दे रहा हूं कि प्लॉट काटते समय आप तीखी नजर रखें, अब इसके बाद अगर कोई अवैध कॉलोनी कटी तो इसके लिए अफसर भी जिम्मेदार होंगे। सीएम ने कहा कि खून पसीने की कमाई से बनाया गया मकान अवैध नहीं हो सकता। कॉलोनी को अवैध ठहराने का निर्णय ही अवैध है। इस निर्णय को मैं समाप्त करता हूं। हमारे भाई-बहनों ने शहरों में आकर जहां सस्ती जमीन मिली, वहीं प्लाट खरीदे। बाद में वह कॉलोनियां अवैध घोषित हो गईं। अवैध के नाम पर जो कलंक कॉलोनियों पर लगा था आज उसे हम मिटाने आए हैं।

2022 तक की सभी कॉलोनियां वैध होंगी : सीएम

सीएम ने कहा कि पाई-पाई जोड़ कर सुख से जहां बसर होता है, जैसा भी अपना घर सबसे सुंदर होता है। हर एक का सपना होता है कि उसका अपना एक मकान हो। मकान केवल ईंट गारे का भवन नहीं हमारा मंदिर होता है। जिंदगीभर की कमाई लगा कर प्लॉट खरीदा और मकान बना लिया, बाद में सरकार उसे अवैध बताने लगे यह न्याय संगत नहीं है। अवैध ठहराने के इस निर्णय को समाप्त करने ही में आज यहां आया हूं। आज से दिसंबर 2022 तक की सभी कॉलोनियां वैध की जाती है।

मध्य प्रदेश की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button